नामीबिया के सामने फेल होने के बाद भी संजू सैमसन ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड, सूर्यकुमार यादव को छोड़ा पीछे

नई दिल्ली: अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ भारत ने आसान जीत दर्ज की। उन्होंने नामीबिया को 93 रन से हराया। इस मैच में खराब फॉर्म से गुजर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को भी खेलने का मौका मिला। दरअसल, अभिषेक शर्मा इस मुकाबले के लिए अनफिट थे। उनकी जगह संजू सैमसन को प्लेइंग 11 में एक बार फिर से मौका मिला।

इस मौके का भी संजू सैमसन ज्यादा फायदा नहीं उठा पाए। उन्होंने 8 गेंद में 22 रन बनाए। सैमसन ने तेज बल्लेबाजी तो की लेकिन उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। हालांकि, इसके बावजूद संजू एक अनोखा रिकॉर्ड इस मैच में बना गए।

संजू सैमसन ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड

आपको बता दें कि नामीबिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन का डेब्यू मैच था। वह इस टूर्नामेंट में अपना पहला मैच खेल रहे थे। इसी के साथ संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में भारत के डेब्यू करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अपना वर्ल्ड कप डेब्यू 31 साल और 93 दिन की उम्र में किया।इस मामले में संजू सैमसन ने अपने कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी पीछे छोड़ दिया है। सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू 31 साल और 40 दिन की उम्र में किया था। हालांकि, भारत के लिए टी20 विश्व कप में डेब्यू करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी अमित मिश्रा हैं, जिन्होंने 31 साल और 117 दिन की उम्र में डेब्यू किया था।

खराब फॉर्म में चल रहे संजू सैमसन

संजू सैमसन इस वक्त खराब फॉर्म में चल रहे हैं। वह टी20 वर्ल्ड कप से पहले अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करने का मुख्य विकल्प थे। लेकिन, विश्व कप से ठीक पहले खेली गई न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में सैमसन पूरी तरह से फेल रहे थे, जिसके बाद अब टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए मुख्य ओपनर अभिषेक शर्मा और ईशान किशन बन गए हैं। अभिषेक शर्मा के फिट होने के बाद सैमसन को एक बार फिर प्लेइंग 11 से ड्रॉप किया जा सकता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *