वैज्ञानिकों ने किसानों को सिखाई मिलेट्स उत्पादन की आधुनिक तकनीक
जगदलपुर। ग्राम टाकरागुड़ा में अखिल भारतीय समन्वित लघु धान्य फसल अनुसंधान परियोजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वैज्ञानिकों ने किसानों को लघु धान्य (मिलेट्स) की उन्नत खेती और उत्पादन तकनीकों की जानकारी दी।
परियोजना समन्वयक डॉ. प्रहलाद नेताम ने चल रहे अनुसंधान कार्यों से अवगत कराया। मुख्य अतिथि डॉ. आरएस नेताम ने मिलेट्स की महत्ता और आधुनिक खेती पद्धतियों पर प्रकाश डाला।
अध्यक्षता कर रहे डॉ. ए.के. ठाकुर ने लघु धान्य की उन्नत किस्मों और उनके पोषण लाभ बताए। तकनीकी सत्र में डॉ. एन.सी. मंडावी ने कीट प्रबंधन, डॉ. एन.के. नाग ने उत्पादन तकनीक और डॉ. तेजपाल चन्द्राकर ने मृदा उर्वरता पर जानकारी दी।
महिला कृषकों से संवाद करते हुए डॉ. सोनाली कर ने उनकी समस्याएं सुनीं। बीज गुणवत्ता पर डॉ. आर.आर. कंवर और योजनाओं पर रामनाथ मौर्य ने जानकारी दी। कार्यक्रम में अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
