सिंधिया का कांग्रेस पर तीखा तंज, ‘पहले खुद गलत करो, फिर हम पर ही हमला करो’, दतिया विधायक मामले में घेरा

अशोकनगर: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के बाद सूबे में सियासी पारा चढ़ गया है। इस मामले में अब केंद्रीय मंत्री और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। अशोकनगर के अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान सिंधिया ने दो टूक शब्दों में कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपनी गलतियों को देखना चाहिए।

‘पहले गलत करो, फिर हमला भी करो’

दरअसल, जब पत्रकारों ने सिंधिया से पूछा कि कांग्रेस विधायक की सदस्यता खत्म होने के बाद कांग्रेस नेता सरकार पर हमलावर हैं, तो सिंधिया ने अपने चिर-परिचित अंदाज में तंज कसा। उन्होंने कहा- ‘कांग्रेस क्यों हमलावर है? पहले तो हम गलत करें, फिर हम ही हमला करें।’ सिंधिया का इशारा साफ था कि कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद हुई कानूनी प्रक्रिया पर राजनीति करना गलत है।

अशोकनगर दौरे पर महाराज के कड़े तेवर

दरअसल, सिंधिया इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र अशोकनगर के सघन दौरे पर हैं। शुक्रवार को जब दिल्ली की एमपी/एमएलए कोर्ट के फैसले के बाद विधानसभा सचिवालय ने भारती की सदस्यता खत्म करने का राजपत्र जारी किया, तो कांग्रेस ने इसे भाजपा की ‘साजिश’ बताया था। सिंधिया ने शुरुआत में इस सवाल को टालने की कोशिश की, लेकिन फिर कांग्रेस को आईना दिखाते हुए इसे ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ जैसी स्थिति करार दिया।

नरोत्तम मिश्रा हारे थे चुनाव

दतिया सीट पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की पारंपरिक सीट रही है, जिन्हें पिछले चुनाव में राजेंद्र भारती ने हराया था। सिंधिया के इस कड़े रुख से साफ है कि भाजपा अब दतिया में संभावित उपचुनाव के लिए मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाने की तैयारी में है। कांग्रेस द्वारा ‘विक्टिम कार्ड’ खेलने की कोशिश को सिंधिया ने अपने एक ही तंज से कमजोर करने की कोशिश की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *