यूपी में झुलसाने लगी गर्मी, लखनऊ में 40 पार पहुंचा पारा

लखनऊ । यूपी में भगवान भास्कर के तेवर दिन प्रति दिन तीखे होते जा रहे हैं। जिसके चलते भीषण गर्मी का अहसास आसानी से किया जा सकता है। राजधानी लखनऊ समेत अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। एक दिन पहले शुक्रवार को लखनऊ में दिन का तापमान पहली बार 41 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, रात का पारा 4.7 डिग्री उछाल के साथ रिकार्ड 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सिलसिला अगले पांचदिनों तक चलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक यूपी के अधिकतर इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। धूप और तेज गर्म हवा की थपेड़े से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। इस महीने के आखिरी में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार हो सकता है। वहीं अगले 6-7 दिनों तक बारिश के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम शुष्क रहने के कारण किसानों को फसल कटाई के लिए चिंता नहीं करनी पड़ेगी। इन दिनों गेंहू की फसल की कटाई शुरू हो चुकी है। इस बीच करीब 30-35 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो यह सिलसिला अगले चार-पांच दिनों तक रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। लेकिन लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई समेत पूर्वांचल के किसी भी जिले में बारिश होने के आसार नहीं हैं। वहीं, प्रयागराज और झांसी का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 42 और 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। गोरखपुर में 39 डिग्री, बहराइच में 39 और फुरसतगंज में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है जोकि अभी तक का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *