अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों का डंप और प्रेशर कुकर IED बरामद

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस, डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है, जिसमें भारी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्री के साथ एक प्रेशर कुकर IED भी शामिल है। बम निरोधक दस्ते ने IED को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।

यह संयुक्त कार्रवाई 31 जनवरी 2026 को 53वीं वाहिनी आईटीबीपी, नारायणपुर पुलिस और डीआरजी द्वारा अंजाम दी गई। ऑपरेशन आईटीबीपी सेनानी संजय कुमार के मार्गदर्शन में और उप सेनानी तेजवीर सिंह के नेतृत्व में ग्राम मडोड़ा से भोटोर के बीच घने जंगलों में चलाया गया। सुरक्षाबलों की टीम ने कई घंटों तक इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान ग्राम भोटोर के पास जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक बड़ा डंप मिला। यहां से बड़ी संख्या में डेटोनेटर, खाली बड़े ड्रम, राशन सामग्री, कपड़े और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गईं। बरामद सामान से यह संकेत मिलता है कि नक्सली लंबे समय से इस इलाके को ठिकाने के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे।

डंप से एक प्रेशर कुकर IED मिलने के बाद क्षेत्र में तत्काल सतर्कता बढ़ा दी गई। आईटीबीपी के बम निरोधक दस्ते ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नियंत्रित विस्फोट के जरिए IED को वहीं नष्ट कर दिया, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका टल गई।

पूरे ऑपरेशन के दौरान सभी जवान सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि या क्षति की सूचना नहीं है। कार्रवाई पूरी होने के बाद संयुक्त टीम बरामद सामग्री के साथ सुरक्षित कैंप लौट आई। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *