बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा का गंभीर आरोप, ठाकरे सरकार के दौरान भ्रष्टाचार हुआ 

मुंबई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा महाराष्ट्र के दौरे पर हैं। जे. पी.नड्डा ने मुंबई में एक कार्यक्रम में केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत की। इस कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने तत्कालीन ठाकरे सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महाविकास अघाड़ी की सरकार में भ्रष्टाचार हुआ था. विकास के काम नहीं होते थे, उनका काम था हर काम में अड़ंगा लगाना। अब डबल इंजन की सरकार है और लोगों के काम हो रहे हैं। लोगों को न्याय मिल रहा है। जेपी नड्डा ने आगे कहा, प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं ने बहुतों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है. इस दरम्यान महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। जेपी नड्डा ने आगे कहा, जब सरकार योजनाओं को अच्छे तरीके से लागू करती है तो लोगों के जीवन में बदलाव आता है। शिंदे-फडणवीस की सरकार ने राज्य में विकास के काम किए। उन्होंने कहा कि भारत में अत्यधिक गरीबी अब 1 प्रतिशत से नीचे है। इन योजनाओं को समाज के सभी लोगों के विकास के लिए ठीक से लागू किया गया था। पहले भी योजनाएं बन रही थीं, लेकिन वे लोगों तक नहीं पहुंच रही थीं। 25 लाख करोड़ सीधे लोगों के खाते में गए। किसी और ने हस्तक्षेप नहीं किया। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक बटन दबाते हैं और पैसा लाभार्थी के खाते में चला जाता है। सरकार ने राज्य में महात्मा फुले जन आरोग्य योजना लागू की। करोड़ों लोगों को इसका लाभ मिला। प्रधानमंत्री मोदी ने 12 करोड़ घरों में शौचालय और नल लगवाए। नड्डा ने आगे कहा कि अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसे कई देश कोरोना की वजह से आर्थिक तंगी में आ गए, भारत में ऐसी कोई तस्वीर नहीं है.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *