उत्तराखंड से लेकर कश्मीर तक बर्फ से ढके पहाड़, IMD ने बारिश को लेकर अलर्ट किया जारी, जाने अन्य राज्यों के मौसम का हाल

उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी इलाकों में 30 जनवरी से बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 1 फरवरी से बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर का असर जारी है। आज कोहरे की वजह से दृश्यता कम हुई। बता दें कि एक फरवरी से मौसम करवट लेगा और बारिश होने के आसार हैं। ये सिलसिला 2 फरवरी तक जारी रहेगा।

उत्तर प्रदेश वासियों को मिलेगी ठंड से राहत

IMD ने बताया कि उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में भीषण ठंड से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो-तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी होगी।

बिहार में पड़ेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर

बिहार में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा। IMD ने बताया कि यह स्थिति 30 जनवरी से तीन फरवरी तक बनी रहेगी। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी, जिसके चलते ठंड का असर भी बढ़ेगा।

पंजाब में बारिश के आसार

पंजाब के लोगों को ठंड से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब के कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती हैं। वर्षा का यह सिलसिला तीन फरवरी तक चलेगा।

झारखंड में बदलेगा मौसम

झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, झारखंड में बारिश के आसार हैं। 31 जनवरी और 1 फरवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में वर्षा हो सकती है।

हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के चलते 31 जनवरी रात से हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 30 जनवरी को प्रदेश का मौसम साफ रहेगा।

उत्तराखंड में वर्षा और बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों पर हुई बर्फबारी के बीच मौसम विभाग ने आज हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। IMD के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा और बर्फबारी हो सकती है।

बर्फबारी से गुलजार होगा जम्मू-कश्मीर

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में कुपवाड़ा, बांडीपोरा, बारामुला, गांदरबल, शोपियां, कुलगाम और अनंतनाग जिले में कुछ ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *