चंद्रयान 3 के लिए महाकाल मंदिर में विशेष भस्‍मारती, खजराना मंदिर में हवन

 भोपाल ।   चंद्रयान 3 आज शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड करेगा। चंद्रयान 3 की सफलता के लिए पूरा देश प्रार्थना कर रहा है, तो वहीं मध्‍य प्रदेश के मंदिरों में भी विशेष प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो गया है। उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में चंद्रयान 3 की सफलता के लिए बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती की गई। भस्मारती में लोग चंद्रयान की तस्वीर और तिरंगा लेकर शामिल हुए।

खजराना गणेश मंदिर में हुआ हवन

चंद्रयान 3 की सफलता के लिए खजराना गणेश मंदिर में पुजारियों और भक्तों द्वारा विशेष हवन और आरती की गई।

बागेश्वर धाम भी पहुंचे श्रद्धालु

बड़ी संख्या में श्रद्धालु छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम भी पहुंचे, जहां उन्होंने बालाजी से चंद्रयान 3 की सफलता की कामना की। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार इस दौरान राजीव शर्मा ने कहा कि चंद्रयान की सफलता की प्रार्थना करने के लिए आज यहां हजारों श्रद्धालु पहुंचे हैं। वहीं एक अन्य श्रद्धालु मयंक साहू ने कहा कि चंद्रयान की सफलता के लिए यहां विशेष प्रार्थना की गई है।

14 जुलाई को हुआ था लांच

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक बुधवार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रयान-3 का लैंडर माड्यूल चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव की सतह पर उतरेगा। श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से 14 जुलाई को 615 करोड़ रुपये बजट के चंद्रयान-3 लांच किया गया था। 40 दिनों की लंबी यात्रा के बाद चंद्रयान-3 का लैंडर सतह पर उतरेगा।

स्कूलों में होगा लाइव प्रसारण

मध्य प्रदेश के सभी स्कूलों में चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए स्कूलों में बुधवार को शाम साढ़े पांच से साढ़े छह बजे तक विशेष सभा का आयोजित कर लाइव प्रसारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में मंगलवार को लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक केके द्विवेदी ने निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों में कहा गया है कि भारत के चंद्रयान-3 मिशन अंतरिक्ष अन्वेषण की खोज में एक मील का पत्थर है। यह मिशन भारतीय विज्ञान, इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी एवं उद्योग के साथ ब्रांड इंडिया के लिए भी एक बड़ा कदम है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *