कर्नाटक में कांग्रेस को जीत दिलाने वाले सुनील कानुगोलू एमपी में संभालेंगे ‎चुनावी ‎जिम्मेदारी

नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत ‎दिलाने वाले सुनील कानुगोलू अब एमपी में कांग्रेस को ‎जिताने के ‎लिए तानाबाना तैयार करेंगे। उन्हें यहां की ‎जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस द्वारा सौपी गई है। गौरतलब है ‎कि कर्नाटक में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है। पार्टी ने विधानसभा की 224 सीटों में से 136 सीटों पर जीत हासिल की है जबकि, बीजेपी बुरी तरह से हार गई। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस पार्टी के कर्नाटक चुनाव की रणनीति सुनील कानुगोलू ने तैयार की थी। वहीं, कर्नाटक में ऐतेहासिक जीत के बाद सुनील को मध्य प्रदेश में इसी तरह के परिणाम लाने का काम सौंपा गया है। वह अब एमपी में कांग्रेस को जीत दिलाने के लिए मजबूत रणनीतियां तैयार करेंगे। साल 2018 के विधानसभा चुनावों में जीत के बाद भी पार्टी ने 2020 में राहुल गांधी के करीबी विश्वासपात्र ज्योतिदारित्य सिंधिया द्वारा बगावत के बाद सत्ता खो दी थी। मध्य प्रदेश में चुनाव कुछ ही महीने दूर हैं और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह दोनों ही अथक परिश्रम कर रहे हैं। वहीं, कानुगोलू को केंद्र राज्य में शिवराज सिंह चौहान सरकार को घेरने के लिए कर्नाटक जैसा लक्षित अभियान तैयार करने के लिए कहा गया है।
मप्र में पार्टी के दिग्गज नेता कमल नाथ और दिग्विजय सिंह दोनों मध्य प्रदेश के चुनावों में जीत हासिल करने के लिए जमीनी स्तर के मुद्दों पर काम कर रहे हैं। पार्टी नेताओं के मुताबिक दिग्विजय सिंह विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी का किला संभालते रहे हैं, जबकि कमलनाथ जिलेवार पार्टी को मजबूत करते रहे हैं। पार्टी नेता ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान सरकार कई गुटों के कारण आंतरिक लड़ाई से जूझ रही है, इसलिए ही सुनील कानुगोलू को इसका मुकाबला करने का काम सौंपा गया है। कानून-व्यवस्था, सरकारी योजनाओं की विफलता और भ्रष्टाचार के आरोपों पर राज्य में भाजपा सरकार की विफलता की पहचान करने का काम भी कानुगोलू को सौंपा गया है। पार्टी सूत्र ने कहा कि कानुगोलू की पिछली सफलताओं के साथ कांग्रेस को उम्मीद है कि प्रचार और सर्वेक्षणों के लिए उनके मार्गदर्शन में कांग्रेस एक बार फिर से मध्य प्रदेश में जीत का स्वाद चखेगी। कानुगोलू को पिछले साल मई में कांग्रेस में लाया गया था और तब से उन्होंने पार्टी के लिए एक रणनीतिकार के रूप में काम किया है। कानुगोलू ने राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा में भी अहम रोल निभाया था। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *