लोकसभा में 58 प्रतिशत वोट शेयर पाने का लक्ष्य

भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा सत्र के बाद सरकार गांव-गांव पहुंचेगी। भाजपा के गांव चलो अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक गांव पहुंचेंगे। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। पार्टी का जनाधार मजबूत करके वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं से संपर्क करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित करेंगे। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल पर गांव चलो अभियान के माध्यम से उतारकर 58 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। भाजपा का मानना है कि लोकसभा चुनाव में जब कार्यकर्ता लोगों को अपनी बात कहेंगे तो लोगों का उस पर विश्वास ज्यादा होगा क्योंकि चाहे केंद्र की योजनाएं हो या फिर राज्य की सभी का लाभ हितग्राहियों को मिल रहा है और वो अब पार्टी के कार्यकर्ता को सम्मान की नजर से देखते हैं। पार्टी का प्रयास है कि अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक प्रधानमंत्री मोदी की योजना का लाभ पहुंचे।
पार्टी ने नौ फरवरी से गांव चलो अभियान शुरू किया है, लेकिन संसद और विधानसभा सत्र में व्यस्त होने के कारण मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक शामिल नहीं हो पाए थे। मुख्यमंत्री छिंदवाड़ा जिले के हर्रई विकासखंड अंतर्गत आने वाले गांव जाने वाले थे, लेकिन हरदा हादसे के कारण कार्यक्रम स्थगित हो गया था।
गांव-गांव पहुंचाएंगे मोदी सरकार की योजनाएं
भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचेंगे और ग्रामीणों से मोदी सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभ के संबंध में चर्चा करेंगे। साथ ही लाभांवित लोगों से भेंट कर उनके अनुभव सुनेंगे। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ता व संगठन पदाधिकारियों के साथ बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों का कार्य निर्धारित करना, मतदाता सूची का निरीक्षण करना, वाट्सएप ग्रुप बनवाना, संगठन एप डाउनलोड कराना, विकसित भारत एम्बेसडर बनाना, विगत चुनावों की समीक्षा भी करेंगे। जनप्रतिनिधियों, जनसंघ कालीन कार्यकर्ताओं, विचार परिवार कार्यकर्ताओं, पार्टी से जुड़े नवीन कार्यकर्ताओं से संपर्क करना। युवा, महिला, व्यावसायिक, लाभार्थी, सामाजिक और धार्मिक मतदाताओं से संपर्क किया जाएगा। धार्मिक स्थलों के दर्शन कोंगे और स्वच्छता अभियान में शामिल भी होंगे। भारतीय जनता पार्टी के गांव चलो अभियान के अंतर्गत पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नौ फरवरी को अपने विधानसभा क्षेत्र बुधनी के ग्राम लाडक़ुई में 24 घंटे बिता चुके हैं। इस दौरान शिवराज ने ग्रामीणों को मोदी सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरुक भी किया था। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने राद्योगढ़ के आवन गांव मे घर -घर संपर्क किया था। उन्होंने गांव के छोटे दुकानदारों, ठेला, रेहड़ी वालों से चर्चा कर सरकारी योजना का लाभ की जानकारी भी ली।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *