मध्य प्रदेश के 6 शहरों में 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा तापमान, कल से बढ़ेगी ठिठुरन

भोपाल। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और हवाओं का रुख बदलने से रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है, वहीं आंशिक बादल छाने और कोहरे के असर से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को भी प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। उसके बाद न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट शुरू होने के आसार हैं।

शुक्रवार को मध्य प्रदेश में रात का सबसे कम छह डिग्री सेल्सियस तापमान शिवपुरी में दर्ज किया गया। छह शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। दतिया, नौगांव, टीकमगढ़ में शीतल दिन रहा। ग्वालियर, खजुराहो में घना कोहरा एवं भोपाल, रीवा, दतिया, रतलाम, दमोह, सागर एवं सतना में मध्यम कोहरा रहा। दिन का सबसे अधिक 29 डिग्री सेल्सियस तापमान नर्मदापुरम में रिकार्ड किया गया। सात शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया।

जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं

मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी अभिजीत चक्रवर्ती के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके अतिरिक्त उत्तर भारत पर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 213 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।

पश्चिमी विक्षोभ के शनिवार को आगे बढ़ने की संभावना है। उसके बाद रात के तापमान में फिर गिरावट होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि हवाओं का रुख फिर उत्तरी होने लगा है। शनिवार से बादल छंटने की संभावना है। उसके बाद रविवार से एक बार फिर प्रदेश में ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *