भिलाई में बोरे में मिली महिला की लाश की शिनाख्त, तीन संदेही हिरासत में

दुर्ग। भिलाई के चंद्रा–मौर्या अंडरब्रिज के पास बोरे में मिली महिला की सड़ी-गली लाश की शिनाख्त पुलिस ने कर ली है। सुपेला थाना पुलिस के अनुसार मृत महिला सुपेला क्षेत्र की रहने वाली है। महिला के हाथ में गोदना से लिखे नामों को सार्वजनिक किए जाने के बाद उसका लिव-इन पार्टनर थाने पहुंचा और उसने महिला की पहचान की। इसके बाद महिला के मायके पक्ष के परिजनों ने भी शिनाख्त की पुष्टि की।

गौरतलब है कि 12 दिसंबर की सुबह अंडरब्रिज के पास नाली में बोरे में बंद महिला का शव बरामद हुआ था। शव की हालत काफी खराब थी। महिला के हाथ में गोदना से लखन, सुरेश, महादेव और आरती नाम लिखा हुआ था, जो पहचान का अहम सुराग बना।

पुलिस के मुताबिक परिजनों ने बताया कि महिला 4 दिसंबर को एक कार्यक्रम में अपने लिव-इन पार्टनर के साथ आखिरी बार देखी गई थी। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला और न ही किसी से संपर्क हो पाया। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए दुर्ग पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर सहित दर्जनभर जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली। साथ ही जिले के विभिन्न स्पा सेंटर्स में काम करने वाली महिलाओं की जानकारी भी जुटाई गई।

महिला की पहचान के बाद पुलिस ने हत्या के साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर तीन संदेहियों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ जारी है। सुपेला पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *