दुल्‍हन मेहंदी रचाए निकाह का इंतजार करती रही, पुलिस दूल्‍हे को थाने लेगई

संभल । उत्‍तर प्रदेश के संभल में एक दूल्‍हे राजा निकाह करने पहुंचे। दुल्‍हन के घरवालों ने दूल्‍हे समेत सभी बरातियों का भव्‍य स्‍वागत किया। हर तरफ खुशी का माहौल था। अचानक वहां दूल्‍हे की भाभी धमक गई। उसने दूल्‍हे को लेकर ऐसे ऐसे राज खोले कि घरातियों और बरातियों के कान सुन्‍न पड़ गए। दुल्‍हन हाथ में मेहंदी रचाए निकाह का इंतजार करती रही और पुलिस दूल्‍हे को थाने ले गई। भाभी अपने साथ पुलिस को भी लेकर आई थी। आसपास के इलाकों में इस घटना की लोग जमकर चर्चा कर रहे हैं। यह मामला गुन्‍नौर कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव का है। 2-3 दिन पहले यहां एक बरात आई थी जिसमें जमकर हंगामा हो गया। 
दरअसल दूल्‍हे की भाभी ने भीड़ के सामने चिल्‍लाकर बताया कि उसका अपने देवर के साथ कई सालों से अफेयर चल रहा है। देवर ने उसके साथ निकाह करने का वादा किया था पर अब धोखा दे रहा है। भाभी ने यहां तक आरोप लगाया कि दोनों लंबे समय से एक साथ रह रहे हैं। पुलिस दूल्‍हे को अपने साथ थाने लेकर गई। घंटों पंचायत चली पर भाभी अपने देवर के साथ ही निकाह पढ़ने पर अड़ी रही। दूल्‍हे की भाभी के आरोपों के बाद बरात बगैर दुल्‍हन लौट गई। पुलिस ने बताया कि निकाह की रस्‍म से पहले दूल्‍हे को थाने लेकर आया गया। यहां घरातियों और बरातियों की उपस्थिति में देर रात तक पंचायत चली। दूल्‍हे की भाभी की शिकायत की जांच की जा रही है। वह अपने देवर से निकाह करने की जिद पर अड़ी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *