छत्रपति शिवाजी  की ढही प्रतिमा नौसेना ने बनायी राज्य सरकार नई प्रतिमा स्थापित करेगी – फडणवीस

मुंबई ।  महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में छत्रपति शिवाजी महाराज की ढही प्रतिमा नौसेना ने बनायी थी और राज्य सरकार अब उसी स्थान पर मराठा योद्धा की एक विशाल प्रतिमा स्थापित करेगी।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल चार दिसंबर को नौसेना दिवस पर सिंधुदुर्ग की मालवण तहसील के राजकोट किले में 17वीं सदी के मराठा साम्राज्य के संस्थापक की 35 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया था। यह प्रतिमा सोमवार दोपहर को ढह गयी थी।
देवेंद्र फडणवीस ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘प्रतिमा के निर्माण की देखरेख राज्य सरकार ने नहीं बल्कि नौसेना ने की थी। प्रतिमा के निर्माण और स्थापना के लिए जिम्मेदार लोगों ने महत्वपूर्ण स्थानीय कारकों जैसे कि तीव्र हवा गति और इसमें इस्तेमाल लोहे की गुणवत्ता को नजरअंदाज कर दिया होगा। समुद्र से उठने वाली हवाओं के संपर्क में आने के कारण प्रतिमा में जंग लगने का खतरा अधिक होगा।’’
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि अब सवाल यह है कि क्या प्रतिमा के निर्माताओं ने इन सभी कारकों को समझा था। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा संकल्प उसी स्थान पर छत्रपति शिवाजी महाराज की और बड़ी प्रतिमा बनाने का है।’’ उन्होंने कहा कि प्रतिमा ढहने की घटना की जांच की जा रही है।
इस घटना को लेकर विपक्षी दलों द्वारा निशाना साधे जाने के बारे में पूछने पर फडणवीस ने कहा, ‘‘प्रतिमा का गिरना दुखद है लेकिन इस पर विपक्षी दलों का रुख उचित नहीं है। इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने की कोई जरूरत नहीं है।’’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *