आयुक्त ने किया शहर के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण

​भिलाई नगर। ​नगर पालिक निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने सोमवर को शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों और भविष्य की कार्ययोजनाओं का निरीक्षण करने के लिए मैदानी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निर्माण और समय सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

​निरीक्षण की शुरुआत आयुक्त द्वारा निगम के मुख्य कार्यालय के सामने पूर्व निर्मित सीसी रोड के अवलोकन से हुई। उन्होंने सड़क की वर्तमान स्थिति, फिनिशिंग और मजबूती का बारीकी से निरीक्षण किया। सड़क के आसपास जल भराव न हो, इसके लिए उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त रखने के संबंध में संबंधित इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तत्पश्चात, आयुक्त नेहरू नगर पूर्व स्थित कमर्शियल परिसर पहुँचे। यहाँ उन्होंने परिसर में स्थित पुरानी पानी टंकी की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा मानकों का दिशानिर्देश दिए।

क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रस्तावित नई सड़क के स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने स्थल के अनुरूप कार्य जल्द शुरू करने की प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए। ​​निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें ताकि आम नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर निगम के जोन आयुक्त अजय राजपूत, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, उप अभियंता बसंत साहू, पुरुषोत्तम सिंहा, रीमा जमुलकर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी एवं अन्य संबंधित विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *