छत्‍तीसगढ़ में आज से शुरू होगा विधानसभा का चार दिवसीय मानसून सत्र….

रायपुर। विधानसभा का चार दिवसीय मानसून सत्र मंगलवार से शुरू हो रहा है। सत्र में सरकार की तरफ से करीब तीन हजार करोड़ का प्रथम अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इसके साथ ही छह संशोधन विधेयक भी पेश किया जाएगा। वहीं, विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव के माध्यम से सरकार को घेरने की कोशिश करेगी।

18 जुलाई से 21 जुलाई तक चलने वाले सत्र के लिए विधायकों ने 550 सवाल लगाए हैं। सत्र के पहले दिन वैशाली नगर के दिवंगत भाजपा विधायक विद्यारतन भसीन और अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री भानुप्रताप सिंह को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

वहीं, पहले दिन सदन में बैठक व्यवस्था भी अलग नजर आएगी। मंत्री रविंद्र चौबे की सीट पर उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम की सीट पर नवनियुक्त मंत्री मोहन मरकाम बैठेंगे। इसके साथ ही प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मंत्री मोहम्मद अकबर, रुद्र गुरु के विभागों के सवालों पर चर्चा होगी।

आखिरी विधानसभा सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष में भिड़ंत

आखिरी विधानसभा सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच महासंग्राम होगा। सत्ता पक्ष जहां सौगातों की घोषणा के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। वहीं, विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव के माध्यम से चुनावी मुद्दे सेट करेगा। आखिरी सत्र में विधायकों ने भी सक्रियता के साथ सवाल पूछे हैं। विधायकों ने 550 सवाल लगाए हैं, जिसमें 274 तारांकित सवाल हैं।

राज्य सरकार के प्रवक्ता और मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दे नहीं है। अविश्वास प्रस्ताव के बहाने सिर्फ उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश है। कांग्रेस विधायक विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने सत्र में कम समय को मुद्दा बनाते हुए कहा कि सरकार चर्चा से भाग रही है। चार दिन का सत्र सिर्फ अनुपूरक बजट पास कराने के लिए लाया गया है।

सदन के पटल पर रखे जाएंगे यह संशोधन विधेयक

सदन के पटल पर रखे जाएंगे यह संशोधन विधेयक सदन के पटल पर मंत्री उमेश पटेल निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक पटल पर रखेंगे। इसके साथ ही मंत्री रविंद्र चौबे छत्तीसगढ़ विधान मंडल सदस्य निरर्हता संशोधन विधेयक और मंत्री जय सिंह अग्रवाल वाणिज्य कर संशोधन विधेयक पटल पर रखेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *