मध्य प्रदेश में चढ़ने लगा पारा, दक्षिण-पश्चिमी हवाओं ने बढ़ाई गर्मी; कई जिलों में तापमान 30 डिग्री के पार

भोपाल: प्रदेश में ठंड की विदाई और गर्मी की आहट साफ महसूस की जा रही है । मंगलवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल दर्ज किया गया, जिससे कई जिलों में पारा 30 डिग्री के आंकड़े को पार कर गया है।

मौसम विज्ञानी के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में दक्षिण-पश्चिमी हवाएं आ रही हैं, जो अपने साथ नीचे से गर्म हवाएं लेकर आ रही हैं। हालांकि उत्तर पाकिस्तान और पंजाब के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, लेकिन उसका शीतल प्रभाव मध्य प्रदेश पर न पड़कर उल्टा तापमान बढ़ाने में सहायक हो रहा है। इसके अतिरिक्त दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक चक्रवातीय परिसंचरण भी बना हुआ है।

मंगलवार को प्रदेश में गर्मी का सबसे तीखा असर खरगौन और नर्मदापुरम में देखा गया, जहां अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा । वहीं शहडोल का कल्याणपुर 4.5 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा । मौसम केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

हालांकि 13 और 16 फरवरी को दो नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में दस्तक देंगे, लेकिन फिलहाल प्रदेश को तीखी धूप और बढ़ते पारे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। राजधानी भोपाल में अब सुबह की गुलाबी ठंड भी गायब होने लगी है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। आसमान साफ और तीखी धूप रहने की संभावना जताई गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *