मोती मस्जिद से हुआ चांद का दीदार, भोपाल में तरावीह शुरू, आज रखा जाएगा पहला रोजा

भोपाल। रहमतों और बरकतों का महीना रमजान शहर में पूरे एहतराम और अकीदत के साथ शुरू हुआ। शाही मोती मस्जिद में रुअत-ए-हिलाल कमेटी की अहम बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से फोन पर और मुख्य जिलों के जिम्मेदारों से चांद दिखाई देने की गवाही ली गई। जैसे ही रमजान का चांद नजर आने की तस्दीक हुई, शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने शूरा कमेटी के सामने एलान किया कि बुधवार रात से पहली तरावीह अदा की जाएगी और जुमेरात को रमजान का पहला रोजा 19 फरवरी को रखा जाएगा, इंशाअल्लाह।
मस्जिदों से गूंजा ऐलान, शहर हुआ पुरनूर

शहर काजी के चांद दिखाई दिए जाने के एलान के बाद शहर की मस्जिदों से रमजान की आमद का ऐलान किया गया। कई स्थानों पर पटाखों की आवाज और राकेट छोड़कर माह-ए-रमजान के आगाज की खुशखबरी दी गई। लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर, फोन और सोशल मीडिया के जरिए मुबारकबाद दी। बुधवार रात से शहर की मस्जिदों में तरावीह का सिलसिला शुरू हो गया है। अलग-अलग मस्जिदों में 5 दिन से लेकर 27 दिन तक की नमाजे तरावीह का इंतजाम किया गया है। मोती मस्जिद में आयोजित बैठक में एलान के बाद यहां से तीन राकेट छोड़कर शहर को चांद दिखने और माह-ए-रमजान शुरू होने का संदेश दिया गया।

माह-ए-रमजान इबादत का महीना है

रमजान को इबादत, सब्र और सखावत का महीना माना जाता है। मुस्लिम समुदाय रोजा रखकर अपने अहम फर्ज की अदायगी में मशगूल हो जाता है। घरों और मस्जिदों में तिलावत-ए-कुरआन का दौर शुरू हो गया है। जकात, फितरा और सदके के जरिए जरूरतमंदों की मदद पर भी खास जोर दिया जाएगा। उलेमाओं ने अपील की है कि इस मुबारक महीने में इबादत के साथ-साथ आपसी भाईचारा और अमन-ओ-अमान को मजबूत किया जाए।

बाजारों में रौनक

अफ्तार में उपयोगी सामग्रियों से सजे बाजार। चांद की तस्दीक के साथ ही शहर के जुमेराती, मंगलवारा, लक्ष्मी टॉकीज, जहांगीराबाद, काजी कैंप और बुधवारा जैसे बाजारों में रौनक बढ़ गई। अफ्तार सामग्री, खजूर, फल, इत्र, टोपी, कपड़े और दीनी किताबों की दुकानों पर खरीदार नजर आए। तरबूज, खरबूज, संतरा, केला, अंगूर और नारियल पानी की मांग को देखते हुए इन सामग्रियों से पुराने शहर के चौराहे भरे नजर आ रहे हैं। शहर के मुस्लिम इलाकों के होटलों में पर्दों का इंतजाम किया गया है, ताकि गैर-रोजेदार बिना झिझक खानपान कर सकें और रोजेदारों का एहतराम भी बना रहे।

सर्वधर्म सद्भाव का पैगाम

मध्यप्रदेश सर्वधर्म सद्भावना मंच ने शहर और देशवासियों को रमजान की मुबारकबाद देते हुए कहा कि यह महीना रहमत, बरकत और फजीलत का है। सचिव हाजी मोहम्मद इमरान हारून ने बताया कि शहर के सभी व्यापारी, चाहे किसी भी धर्म के हों, ने रमजान के स्वागत की विशेष तैयारियां की हैं, जो आपसी एकता और भाईचारे की मिसाल है। उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला सभी को रोजा रखने, इबादत करने, नेक कामों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और ज्यादा से ज्यादा सवाब हासिल करने की तौफीक अता फरमाए।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *