प्रधानमंत्री आवास बना परिवार के लिए सुख की छांव

कोरिया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण ने कोरिया जिले के बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत तरगंवा निवासी  श्याम लाल साहू के जीवन में एक नया बदलाव ला दिया है। एक समय कच्चे मकान में कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करने वाला यह परिवार आज पक्के घर में सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन जी रहा है।

 श्याम लाल साहू एक मेहनती किसान एवं मजदूर हैं, जो अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ साधारण जीवन व्यतीत कर रहे थे। उनकी आय का मुख्य स्रोत खेती और दिहाड़ी मजदूरी थी, जिससे परिवार का गुजारा तो हो जाता था, लेकिन पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था।

’कच्चा घर बना परेशानी की वजह’

साहू परिवार का पुराना कच्चा मकान हर मौसम में मुश्किलें खड़ी करता था। बरसात में छत से पानी टपकता, गर्मियों में तेज धूप और सर्दियों में ठंड से बचाव करना बेहद कठिन हो जाता था। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा और परिवार के भविष्य को लेकर चिंता बनी रहती थी।

सीमित आय, अधूरा सपना

दिन-रात मेहनत करने के बावजूद सीमित आय के कारण श्याम लाल साहू अपने सपनों का घर नहीं बना पा रहे थे। पक्का आवास उनके लिए एक अधूरी इच्छा बनकर रह गया था।

’योजना से मिली नई उम्मीद’

गत वित्तीय वर्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत उनका आवास स्वीकृत हुआ। शासन से प्राप्त आर्थिक सहायता ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई। पूरे परिवार के सहयोग से उन्होंने अपने पक्के घर का निर्माण शुरू किया और धीरे-धीरे उनका सपना साकार हो गया।

’अब सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन’

आज श्याम लाल साहू का परिवार अपने नए पक्के घर में खुशहाल जीवन जी रहा है। उन्होंने बताया यह आवास अब उनके लिए सुख की छांव बन चुका है। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला है और परिवार को हर मौसम में सुरक्षा का एहसास होता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *