मध्य प्रदेश के सवा लाख शिक्षकों का बढ़ेगा वेतन, हर महीने 3 से 5 हजार रुपये बढ़ेगी सैलरी, जुलाई 2023 से होगा लागू

भोपाल। मध्य प्रदेश में 35 साल की सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान मिलेगा। इसकी पात्रता एक जुलाई 2023 या उसके बाद से होगी। योजना के दायरे में सवा लाख शिक्षक आएंगे, 15 हजार शिक्षकों को यह लाभ इसी वित्तीय वर्ष में मिलेगा।

इस निर्णय से पदोन्नति की पात्रता रखने वाले शैक्षणिक संवर्ग के सहायक शिक्षक, शिक्षक तथा नवीन शैक्षणिक संवर्ग के प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों को प्रतिमाह तीन से पांच हजार रुपये का लाभ होगा। कैबिनेट इसके लिए 322 करोड़ 34 लाख रुपये की स्वीकृति दे चुकी है।

प्रदेश में सहायक शिक्षक, शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक खेल, प्राथमिक शिक्षक संगीत व नृत्य, विज्ञान और आइटी के साथ माध्यमिक शिक्षक, माध्यमिक शिक्षक खेल और संगीत को चतुर्थ वेतनमान स्वीकृत किया गया है। मुख्यमंत्री ने पांच सितंबर 2025 को शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को चतुर्थ समयमान क्रमोन्नत वेतनमान देने की घोषणा की दी थी।

तीन से पांच हजार रुपये तक मिलेगा लाभ

मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष क्षत्रवीर सिंह राठौर ने बताया कि एक जुलाई 2023 तक जिन शिक्षकों ने भी 35 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, भले ही वे सेवानिवृत्त हो गए हैं उन्हें लाभ होगा। सीधी भर्ती के लेक्चरर, सहायक संचालक और प्राचार्य को पहले से लाभ मिल रहा है। अब अन्य शिक्षकों को भी मिल सकेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *