यूपी में आग उगल रहा सूरज, लू के बीच बार‍िश के भी संकेत…..

गर्म हवाओं के थपेड़ों और धूप की तपिश ने मौसम बेहाल कर दिया है। आलम यह है कि दिन के समय घर से बाहर निकलना दूभर हो रहा है। गर्म हवा के असर से पश्चिमी विक्षोभ भी कमजोर पड़ गया है । इसकी वजह से शुक्रवार को होने वाली बारिश महज बदली में तब्दील हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादलों की आवाजाही रहेगी। कुछ जगहों पर ही छिटपुट बारिश हो सकती है।

एक से दो ड‍िग्री ग‍िरेगा तापमान

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक दानिश के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है और हवा के प्रभाव से यह पहाड़ों की ओर चला गया है। इसी कारण मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में महज बादलों की आवाजाही रहेगी। एक दो जगहों पर बौछार पड़ सकती है। बदली के असर से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक होकर 40 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़त के साथ पारा 24.5 डिग्री सेल्सियस पर रुका। बादलों की आवाजाही ने अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज करवाई है।

बल‍िया में पारा पहुंचा 42 ड‍िग्री

सबसे अधिक तापमान बलिया में 42 डिग्री सेल्सियस और प्रयागराज में 41.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़त जारी है। प्रदेश में सबसे कम तापमान मुरादाबाद में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में दिन के समय बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की फुल्की बरसात भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

अगले दो दिन में भी तापमान जाएगा नीचे, रात में बढ़े तापमान से भी लोग हुए परेशान

कानपुर में लगातार पांच दिन से गर्मी की तपिश महसूस कर रहे शहर के लोग अब सुबह 10 बजे से चलने वाली लू के थपेड़ों से बेहाल हो रहे हैं। लू का प्रकोप इतना अधिक है कि दिन में लोगों को घर की खिड़कियां तक बंद करना पड़ रहा है। मौसम में हो रहे बदलाव से हालांकि दिन का तापमान कम होने लगा है लेकिन हवा के गर्म थपेड़े मुसीबत बने हुए हैं। शहर में अधिकतम तापमान गुरुवार को 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दो दिन पहले अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया था।

तीन से चार द‍िनों में कानपुर का तापमान होगा @36 डिग्री

दो दिन के दौरान तापमान गिरना शुरू हुआ। इसके बावजूद रात का तापमान लगातार बढ़ रहा है। बुधवार-गुरुवार की रात में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो इस साल में सबसे अधिक है। इससे पहले 16 अप्रैल की रात में तापमान 23 डिग्री तक पहुंचा था। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिन में अधिकतम तापमान गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।

गर्म हवा से लोगों को सावधान रहने की जरूरत

चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे हुए पंजाब के क्षेत्र में बना हुआ है। एक पश्चिमी विक्षोभ रेखा भी तेलंगाना से दक्षिणी तमिलनाडु तक बनी हुई है। इसका असर कानपुर व आस-पास के मौसम पर भी पड़ने वाला है। तापमान में कमी आएगी लेकिन आर्द्रता भी कम होगी जो वेट बल्ब तापमान के लिहाज से खतरे की घंटी है। गर्म हवा भी चलने लगी है। इससे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *