शरद पवार पार्टी में हुए विद्रोह के खिलाफ जिस तरह से इस उम्र में खड़े हुए हैं, वह प्रेरणादायी

मुंबई । शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने कहा है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार पार्टी में हुए विद्रोह के खिलाफ जिस तरह से इस उम्र में खड़े हुए हैं, वह प्रेरणादायी है।
राउत ने कहा, ‘‘उनकी यही बात हमें प्रेरणा देती है। (शिवसेना संस्थापक) बालासाहेब (ठाकरे) भी 84-86 वर्ष के थे। हम उनसे प्रेरणा लेंगे। उम्र क्या है? महात्मा गांधी बुजुर्ग थे, लेकिन तब भी उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी।
राज्यसभा सदस्य ने कहा कि महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे तथा शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच बातचीत के लिए किसी मध्यस्थ की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि दोनों भाई हैं। उन्होंने यह बात दोनों के मध्य संभावित गठबंधन की चर्चा के बीच कही। 
मनसे नेता अभिजीत पानसे ने बृहस्पतिवार को राउत से मुलाकात की थी, जिसके बाद महाराष्ट्र के बदले राजनीतिक परिदृश्य में दोनों ठाकरे बंधुओं (उद्धव और राज ठाकरे) के बीच संभावित सुलह को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी थीं। 
 पवार (82) ने बृहस्पतिवार को कहा था कि वह ही पार्टी के अध्यक्ष हैं। उन्होंने उप मुख्यमंत्री तथा अपने भतीजे अजित पवार के सेवानिवृत्ति वाले तंज पर पलटवार करते हुए कहा था कि उम्र चाहे 82 हो या 92, वह प्रभावी तरीके से काम करते रहेंगे। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *