विमेंस प्रीमियर लीग की चैंपियन पर होगी धनवर्षा, PSL के विनर से भी ज्यादा पैसे मिलेंगे
वडोदरा: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 अपने खिताबी मुकाबले तक पहुंच गया है। बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच फाइनल होगा। 2024 सीजन में भी इन दोनों टीमों के बीच ही खिताबी जंग हुई थी। तब आरसीबी को जीत मिली थी। दिल्ली ने पहले तीनों सीजन में फाइनल खेला था लेकिन उसे अभी भी अपने पहले खिताब का इंतजार है।
WPL की प्राइज मनी
विमेंस प्रीमियर लीग की शुरुआत 2023 में हुई थी। तब से ही प्राइज मनी को नहीं बढ़ाया गया है। लीग का खिताब जीतने वाली टीम को बीसीसीआई की तरफ से 6 करोड़ रुपये मिलते हैं। वहीं उपविजेता टीम को उससे आधी रकम यानी 3 करोड़ रुपये मिलते हैं। पाकिस्तान सुपर लीग की विजेता टीम को करीब 4.5 करोड़ भारतीय रुपये मिलते हैं।
दोनों ही टीमें दमदार फॉर्म में
आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स दोनों का फॉर्म शानदार है। आरसीबी ने अपने शुरुआत 5 मैचों में लगातार 5 जीत हासिल करके प्लेऑफ में जगह बनाई। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ही उसे इस सीजन पहली हार मिली थी। दिल्ली ने एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स को हराकर फाइनल में जगह बनाई है।
