प्रायोरटी कारिडोर के स्टेशनों पर पियर डालने का काम पूरा, अब डलेगी गर्डर

इंदौर ।    शहर में मेट्रो का काम तेज गति से चल रहा है। सुपर प्रायोरटी कारिडोर जहां पर अगस्त में ट्रायल किया जाना है। वहां पर काम की गति काफी अधिक है। यहां पर बन रहे स्टेशन पर पियर डालने का काम पूरा हो गया है। अब यहां पर गर्डर डाली जाएगी। वहीं इस सप्ताह ट्रेक पर पटरी बिछाने का काम शुरू हो जाएगा। जानकारी के अनुसार प्रायोरटी कारिडोर पर अगस्त तक ट्रायल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए यहां पर ट्रैक और स्टेशन बनाने हैं। इसके अलावा यहां पर विशाल डिपो भी बनना है। मेट्रो प्रोजेक्ट के अधिकारियों के अनुसार साढ़े पांच किलोमीटर के सुपर प्रायोरटी कारिडोर में पिलरों को सेगमेंट से जोड़ने का काम भी काफी तेजी से चल रहा है। इसके अलावा यहां पर स्टेशन भी बनाए जा रहे है। गांधी नगर स्टेशन यहां का सबसे बड़ा स्टेशन होगा, जिसके नीचे से वाहन भी गुजरेंगे। यहां पर पियर डालने का पूरा काम हो गया है। जल्द ही यहां पर गर्डर डाल दी जाएगी, जिससे काम आगे बढ़ सकेगा। इसके लिए निर्माण कर रही कंपनी ने उच्च वजन क्षमता वाली क्रेन भी बुलवा ली है। अधिकारियों ने बताया कि पटरी बिछाने का काम भी इसी सप्ताह शुरू हो जाएगा। कोलकाता की कंपनी टैक्समोरेल को यह ठेका मिला है, जो यह काम शुरू करेगी।

ट्रायल से मिल जाएगी जानकारी

अधिकारियों का कहना है कि अगस्त में जब यह ट्रायल होना है तब वर्षाकाल आ जाएगा, इसलिए जून तक काफी तेजी से काम करना होगा। इसके अलावा ट्रायल इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि ट्रायल रन में भले ही यात्री सफर ना कर पाए, लेकिन ट्रेन का संचालन करने के लिए सारी तैयारी करनी होगी। एक बार यह सारे इंतजाम हो जाएंगे, इसके बाद जल्द ट्रेन शुरू करने में कोई परेशानी नहीं आएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *