मुंबई-गुजरात के बीच होगा हाई महामुकाबला….

आईपीएल 2023 में आज वानखेड़े स्‍टेडियम पर मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच हाई वोल्‍टेज मुकाबला होगा। मुंबई इंडियंस ने हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को मात देकर प्‍वाइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाई थी। मुंबई की टीम 11 मैचों में छह जीत के साथ चौथे स्‍थान पर है। गुजरात टाइटंस की टीम 11 मैचों में 8 जीत के साथ शीर्ष स्‍थान पर है।

रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस की कोशिश अपनी विजयी लय को बरकरार रखते हुए प्‍लेऑफ की रेस में बने रहने की होगी। वहीं हार्दिक पांड्या के नेतृत्‍व वाली टेबल टॉपर गुजरात टाइटंस की टीम आज का मुकाबला जीतकर प्‍लेऑफ में अपनी जगह पक्‍की करना चाहेगी। दोनों ही टीमों में कई धाकड़ खिलाड़ी शामिल हैं, जिसको देखते हुए मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्‍मीद है।

मुंबई और गुजरात के बीच वानखेड़े स्‍टेडियम पर मुकाबला होना है, जहां हाई स्‍कोरिंग मैच होने की उम्‍मीद है। वानखेड़े स्‍टेडियम की पिच को बल्‍लेबाजों के लिए स्‍वर्ग कहा जाता है। हालांकि, मुकाबला शाम में होना है तो ओस महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए टॉस महत्‍वपूर्ण हो जाता है। उम्‍मीद है कि जो भी टीम टॉस जीतेगी, वो लक्ष्‍य का पीछा करने का फैसला करेगी।

गर्मी का मौसम है और मुंबई इससे अछूता नहीं है। मुंबई में दिन में तापमान 35 डिग्री सेलसियस तक रहने की उम्‍मीद है, जो मैच के समय तक घटकर 29 डिग्री तक पहुंच सकता है। यहां हवा 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की उम्‍मीद है तो शाम के समय भी खिलाड़‍ियों को गर्मी से जूझना पड़ सकता है। मुंबई में 67 प्रतिशत तक मौसम में नमी रहने की उम्‍मीद है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *