हार्दिक पंड्या का जबरा फैन है इटली का ये क्रिकेटर, टी20 वर्ल्ड कप के दौरान मिलने का है सपना

नई दिल्ली: इटली की टीम आज टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना ऐतिहासिक आगाज कर चुकी है, लेकिन इस टीम के एक खिलाड़ी के लिए यह केवल एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि अपने आदर्श से मिलने का जरिया भी है। इटली के 25 साल के ऑलराउंडर थॉमस ड्राका, जो मैदान पर हार्दिक पंड्या की तरह निडर होकर खेलने के लिए जाने जाते हैं, उनका सबसे बड़ा सपना इस विश्व कप के दौरान अपने हीरो से मिलना और उनसे क्रिकेट के गुण सीखना है।

हार्दिक पंड्या की ऊर्जा और रॉयल ओक घड़ी का किस्सा

थॉमस ड्राका न केवल हार्दिक पंड्या की बल्लेबाजी और गेंदबाजी के मुरीद हैं, बल्कि उनके स्वैग और प्रोफेशनल बर्ताव के भी प्रशंसक हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘अगर मुझे हार्दिक से मिलने का मौका मिला, तो सबसे पहले मजाक में उनसे पूछूंगा कि उनकी रॉयल ओक घड़ी कितने की है? लेकिन गंभीरता से कहूं तो, मैं उनके ऑफ-कटर और नकल बॉल के बारे में टिप्स लेना चाहूंगा।’ ड्राका अपनी डायरी में उन सवालों की लिस्ट बनाकर लाए हैं जो वे हार्दिक से पूछना चाहते हैं।

डेनिस लिली की खास चेन

इटली के इस युवा खिलाड़ी को क्रिकेट के दो दिग्गजों का साथ मिला है। दिग्गज तेज गेंदबाज डेनिस लिली उनके मेंटर रहे हैं, जिन्होंने उन्हें अनुशासन और गेंदबाजी की बारीकियां सिखाई हैं। ड्राका ने खुलासा किया कि लिली ने उन्हें अपनी वर्ल्ड सीरीज चेन पहनने के लिए दी है, जिसे पहनकर वे वर्ल्ड कप के दौरान मैदान पर उतरेंगे। इसके अलावा, 2016 वर्ल्ड कप के हीरो कार्लोस ब्रेथवेट ने भी ड्राका को निखारा है। ड्राका कई बार बारबाडोस जाकर ब्रेथवेट के साथ अभ्यास कर चुके हैं।

सुपर-8 में जगह और बड़ा उलटफेर

फुटबॉल के लिए मशहूर देश इटली अब क्रिकेट के नक्शे पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार है। ड्राका का मानना है कि उनकी टीम इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज जैसी टीमों के ग्रुप में होने के बावजूद सुपर-8 में जगह बना सकती है। उनके लिए हार्दिक पंड्या की ऊर्जा को मैच करना मुश्किल है, लेकिन वे उसी रास्ते पर चलकर अपने करियर को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *