पेंडोरा की दुनिया में इस बार अस्‍त‍ित्‍व की लड़ाई, ढाई मिनट में दिल लूट गए कैमरून

पेंडोरा की दुनिया एक बार फिर दिल और दिमाग पर छा जाने की तैयारी में है। जेम्‍स कैमरून की फिल्‍म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। करीब ढाई मिनट का यह ट्रेलर ऐसा है, जिसे आप देखना शुरू करते हैं, तो बस देखते रह जाते हैं। नीले रंग वाले नावी की दुनिया में इस बार लड़ाई अस्‍त‍ित्‍व बचाने की है। यह फिल्‍म इसी साल 19 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

‘अवतार’ फ्रैंचाइजी की जबरदस्‍त फैन फॉलोइंग है। लिहाजा, इस तीसरी किस्‍त का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहा है। मेकर्स ने इस बार भी विजुअल्‍स, VFX और रंगों से पर्दे पर ऐसी दुनिया उकेरी है, जो अपनी खूबसूरती से मन मोह लेती है। लेकिन इस बार इस साइंटिफिक-फिक्‍शन की दुनिया में आग और राख का भी मेल है। हालांकि, फैंस उस समय हैरान रह गए, जब ट्रेलर की आधिकारिक रिलीज से कुछ घंटे पहले ही यह लीक भी हो गया।

‘अवतार: फायर एंड ऐश’ के ट्रेलर में क्‍या है

जेम्स कैमरून के डायरेक्‍शन में बनी ‘अवतार 3’ के ट्रेलर में रोमांच की एक नई झलक दिखाई गई है। नावी की दुनिया में जाने-पहचाने चेहरे नजर आते हैं। मरीन बने नावी नेता जेक सुली (सैम वर्थिंगटन), नावी योद्धा नेयतिरी (जो सलदाना) और सुली, परिवार के बाकी सदस्यों के साथ एक अंतिम लड़ाई के लिए लौटते हैं। इस लड़ाई में उनके बच्चे किरी (सिगोरनी वीवर) और लोक (ब्रिटेन डाल्टन) भी शामिल हैं। दो मिनट और 25 सेकेंट के इस ट्रेलर में ऊना चैपलिन दिखाई देती हैं। वह वरंग नाम की एक महिला नेता की भूमिका निभा रही हैं।

ट्रेलर देख जेम्‍स कैमरून के मुरीद हुए फैंस

‘अवतार: फायर एंड ऐश’ का बजट 2156 करोड़ रुपये बताया जाता है। ट्रेलर देख फैंस अभी से दीवाने हुए जा रहे हैं। एक ने लिखा है, ‘अवतार के सीन्‍स और विजुअल्‍स हमेशा से दिल जीत लेते हैं। इस बार भी ऐसा ही है। इसे देखते हुए लगता है कि हम वाकई पेंडोरा की दुनिया में हैं।’ एक अन्‍य ने लिखा है, ‘धरती, पानी और अब आग। जेक सुली शानदार एक्शन हीरो की तरह दिख रहे हैं।’ एक तीसरे यूजर ने लिखा है, ‘हमेशा की तरह कमाल। जेम्‍स कैमरून ने फिर साबित कर दिया है कि वह सीक्वल और विज़ुअल स्टोरीटेलिंग के उस्ताद क्यों हैं।’

‘अवतार 3’ के बारे में जैक चैंपियन ने कही थी ये बात

‘अवतार: फायर एंड ऐश’ में क्‍या खास होने वाला है, इसको लेकर स्पाइडर का किरदार निभाने वाले एक्‍टर जैक चैंपियन ने जरूर कुछ हिंट दिए थे। उन्‍होंने कहा था, ‘मैं फिल्‍म देखकर बहुत हैरान था। यह बस एक जोरदार ट्व‍िस्‍ट है। आपको लगता है कि आप जानते हैं कि कहानी कहां जा रही है, लेकिन तभी सबकुछ बदल जाता है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा।’

‘अवतार 2 से भी बेहतर होगी अवतार 3’

जैक ने 2022 में ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ से बातचीत में आगे कहा था, ‘आप पेंडोरा के और भी इलाकों को देखेंगे। इस तीसरी फिल्‍म में कई नई संस्कृतियों से तारुर्फ होता है। इसलिए मुझे लगता है कि यह ‘अवतार 2′ से भी बेहतर है।’

‘अवतार’ फ्रेंचाइजी की फिल्‍में, बजट और कमाई

‘अवतार’ फ्रेंचाइज की पहली फिल्‍म 2009 में रिलीज हुई थी। इसके बाद दूसरी फिल्‍म 2022 में ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ रिलीज हुई। अब 19 दिसंबर 2025 को तीसरी फिल्‍म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ रिलीज होगी। ‘अवतार’ दुनिया की सबसे महंगी फ्रैंचाइजी में से एक है। इसकी पहली फिल्म और चार सीक्वल का टोटल बजट लगभग 1 बिलियन डॉलर (86,85 करोड़ रुपये) है। इस फ्रैंचाइजी की पिछली दो फिल्‍मों ने दुनियाभर में 5.2 बिलियन डॉलर (करीब 45170 करोड़ रुपये) से ज्यादा की कमाई की है।

क्‍या है पेंडोरा, कौन हैं नावी

‘अवतार’ की कहानी का प्‍लॉट 22वीं सदी के मध्य में पेंडोरा पर आधारित है। यह अल्फा सेंटॉरी तारामंडल के एक गैसीय विशालकाय ग्रह का एक हरा-भरा रहने लायक चंद्रमा है। इस दुनिया में नीले रंग वाली एक आबादी रहती है, जिन्हें नावी कहते हैं। वे इंसान की तरह दिखते तो हैं, लेकिन इंसान नहीं हैं। इस कहानी की शुरुआत जेक सुली नाम के एक लड़के से होती है, जो पैरालिसिस के कारण चल-फिर नहीं सकता है। वो अपने जुड़वा भाई की मौत के बाद एक प्रोजेक्ट का हिस्सा बनता है। जेक का काम था, पेंडोरा की दुनिया में जाकर उसके बारे में पता करना। इसके लिए उसे ‘अवतार’ बनना पड़ता है। हालांकि, बाद में पता चलता है कि जेक को पेंडोरा भेजने वाले, असल में वहां से नावी को भगाना चाहते हैं, ताकि वहां पाए जाने वाले उनोबटेनियम नाम के दुर्लभ संसाधन पर हक जमा सके।

कहानी में ट्व‍िस्‍ट तब आता है, जब जेक सुली नावी समुदाय के बीच रहते हुए उनकी सरलता और मासूमियत को करीब से समझता है। उसे इंसानों के भ्रष्‍ट मकसद का पता चलता है और फिर वह नावी के साथ मिलकर इन भ्रष्‍ट दुश्‍मनों के ख‍िलाफ खड़ा हो जाता है। कहानी इसके बाद आगे बढ़ती है और सीक्‍वल के बाद अब इसके तीसरे भाग में पहुंची है, जहां लड़ाई नावी के अस्‍त‍ित्‍व को बचाने की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *