मुंबई में ब्लास्ट की धमकी, आरोपी नोएडा से गिरफ्तार:बिहार का रहने वाला; वॉट्सएप पर लिखा था- 34 गाड़ियों में 400 किलो विस्फोटक लगाया

मुंबई में गणेश उत्सव के बीच ब्लास्ट की धमकी देने वाले शख्स को उत्तर प्रदेश के नोएडा से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। 50 साल के आरोपी का नाम अश्विन कुमार सुप्रा है। बिहार के पटना का रहने वाला है और पिछले 5 साल से नोएडा में रह कर ज्योतिष और वास्तु शास्त्र का काम करता था।

आरोपी ने गुरुवार देर रात मुंबई पुलिस को वॉट्सएप पर धमकी भरा मैसेज भेजा था। उसने लिखा था, ‘लश्कर-ए-जिहादी के 14 आतंकी मुंबई में घुस चुके हैं। आतंकियों ने 400 किलो RDX 34 गाड़ियों में फिट कर दिया है। वे बड़ा ब्लास्ट करने वाले हैं, जिससे एक करोड़ लोगों की मौत हो सकती है।’

धमकी मिलते ही मुंबई पुलिस ने हाईअलर्ट घोषित कर दिया और क्राइम ब्रांच को जांच सौंपी। एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट थी। जांच के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच नोएडा पहुंची और सेक्टर-79 की सोसाइटी से आरोपी को गिरफ्तार किया।

आरोपी का मोबाइल जब्त, मुंबई ले जाया गया

क्राइम ब्रांच आरोपी को नोएडा से मुंबई ले गई है। पुलिस ने आरोपी का फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिया है।। इसके अलावा उसके पास से 4 सिम कार्ड होल्डर, 6 मेमोरी कार्ड होल्डर, एक सिम स्लॉट एक्सटर्नल, दो डिजिटल कार्ड बरामद हुए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, अश्विन ने पूछताछ में मुंबई पुलिस को बताया कि साल 2023 में वह फ्रॉड के एक केस में पटना के जेल में तीन महीने रहा था। तब फिरोज नाम के एक व्यक्ति ने उसके खिलाफ शिकायत की थी।

अश्विन ने बताया कि वह तब से ही फिरोज से बदला लेना चाहता था, इसलिए उसके नाम से मुंबई पुलिस को मैसेज भेजा था। हालांकि, फिरोज कौन है, फ्रॉड का क्या मामला था, ये अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

25 अगस्त: ठाणे में रेलवे स्टेशन पर बम की धमकी मिली थी महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 25 अगस्त को एक रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया था कि जांच के बाद यह धमकी झूठी निकली थी। मामले में 43 साल के एक शख्स को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी की पहचान रूपेश मधुकर रणपिसे के रूप में की गई थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *