श्री अमरनाथ यात्रा करने वाले दो अमेरिकी बने पहले विदेशी तीर्थयात्री

कैलिफोर्निया के दो अमेरिकी दक्षिण कश्मीर हिमालय में भगवान शिव की पवित्र गुफा के लिए अमरनाथ यात्रा करने वाले पहले विदेशी तीर्थयात्री बन गए हैं। जम्मू-कश्मीर प्रशासन के सूचना और जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी वीडियो में दो विदेशी जिनका नाम नहीं बताया गया है, अपनी यात्रा के बारे में बात करते हैं।

  वीडियो में वह कहते हैं कि हम कैलिफोर्निया के एक मंदिर आश्रम में रहते हैं। हमने वर्षों से इस यात्रा के लिए यहां आने का सपना देखा। हम पिछले कुछ वर्षों से प्रतिदिन यूटयूब पर आरती वीडियो देखते हैं। यह वर्णन करना कठिन व असंभव है कि हम कैसा महसूस करते हैं। उनमें से एक ने कहा कि हमारे अंदर अविश्वसनीय कृतज्ञता है और हम बहुत खुश हैं।

भगवा वस्त्र पहने और लंबे बाल वाले दोनों व्यक्तियों ने कहा कि वे स्वामी विवेकानन्द के भक्त हैं। स्वामी विवेकानन्द अमरनाथ आये और उन्हें एक बहुत ही महत्वपूर्ण अनुभव हुआ। उन्हें भगवान शिव के दर्शन हुए और अब 40 वर्षों से मैं सोच रहा हूं कि मुझे यह कहानी पता है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि हम यहां आना चाहते थे। यह एक असंभव सपना जैसा लग रहा था। फिर, अचानक भोलेनाथ की कृपा से सब कुछ ठीक हो गया और हम उनके दर्शन करने के बाद यहां हैं।
 
दोनों ने कहा कि वे शब्दों में बयां नहीं कर सकते कि वे कैसा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम इस दर्शन व तीर्थयात्रा के लिए कृतज्ञता और खुशी से अभिभूत हैं।

दोनों अमेरिकियों ने 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा की गई व्यवस्था की सराहना की। उनमें से एक ने कहा कि व्यवस्था दोषरहित है। इतने सारे तीर्थयात्रियों के बावजूद श्राइन बोर्ड ने कैसे सब कुछ व्यवस्थित किया है, यह बहुत प्रभावशाली है। उन्होंने कहा कि इन पहाड़ों में एक विशेष प्रकार की शांति है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि इस तरह की शांति हर जगह बनी रहेगी। यही हमारी प्रार्थना है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *