भोपाल में UPSC Aspirant के दो गुट आपस में भिड़े, हॉस्टल में घुसकर छात्र का अपहरण, कार में ले जाकर पीटा
भोपाल: एमपीनगर में यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे एस्पिरेंट्स के दो गुट घूरने की बात को लेकर भिड़ गए। छात्रों के एक गुट ने दूसरे से मारपीट कर दी तो बदला लेने एस्पिरेंट्स ने हॉस्टल में घुसकर एक छात्र का अपहरण कर लिया और कार में बैठाकर सुनसान क्षेत्र में जमकर मारपीट की।
छात्र चलती कार से कूदकर किसी तरह अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटकर भागा और एमपीनगर थाने में पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने चार यूपीएससी एस्पिरेंट्स के विरूद्ध अपहरण और मारपीट का केस दर्ज किया। साथ ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है
अभिषेक ने की थी सूर्यांश से मारपीट, थाने में दर्ज हुआ था केस
एएसआई दिनेश खजूरिया ने बताया कि 22 वर्षीय अभिषेक पटेल मूलत: बैतूल जिले का रहने वाला है। वह एमपीनगर जोन-2 स्थित हॉस्टल में रहता है और यहां कोचिंग में पढ़ाई करते हुए यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। बुधवार को चाय-सुट्टा बार में वह अपने दोस्तों के साथ मौजूद था। वहां सूर्यांश गौतम नामक युवक से घूरने को लेकर उसका विवाद हो गया था। तब अभिषेक व साथियों ने सूर्यांश की पिटाई की थी। इसे लेकर उसकी शिकायत पर एमपीनगर थाने में मारपीट का केस दर्ज किया गया था।
स्मार्ट सिटी के सुनसान इलाके में की थी मारपीट
अगले दिन गुरूवार को सूर्यांश गौतम, अपने दोस्त साहिल की एसयूवी कार लेकर अन्य दोस्त प्रियांश पांडे और आदित्य को लेकर एमपीनगर पहुंचा। वहां चारों दोस्त अभिषेक के हॉस्टल में घुसे और उसे कमरे से उठाकर कार में बैठाकर टीटीनगर स्थित स्मार्ट सिटी के सुनसान क्षेत्र में लेकर पहुंचे। वहां चारों युवकों ने अभिषेक से जमकर मारपीट की।
आरोपी कार से दोबारा एमपीनगर क्षेत्र की ओर पहुंचे ही थे कि प्रगति चौराहे के पास अभिषेक ने मौका देखा और चलती कार से उतरकर भाग निकला। वह सीधे एमपीनगर थाने पहुंचा और शिकायत की।
रीवा जिले के रहने वाले हैं चारों आरोपी
पुलिस ने सूर्यांश व उसके तीनों दोस्तों के विरूद्ध केस दर्ज किया। सूर्यांश, प्रियांश, आदित्य और साहिल रीवा जिले के रहने वाले हैं। सभी आरोपी एमपीनगर में किराये के कमरे में रहते हैं। वे कोचिंग में पढ़ाई करते हुए यूपीएससी और एमपीपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
