दिव्या दत्ता की ‘चिरैया’ देख यूजर्स के रोंगटे खड़े- ये रियलिटी चेक है, जरूर देखिए
दिव्या दत्ता और संजय मिश्रा की नई सीरीज ‘चिरैया’ हाल ही OTT पर रिलीज हुई और इसे दमदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। यह सीरीज 20 मार्च को OTT प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई थी और जिसने भी देखी है, वो इसकी तारीफ करते नहीं थक रहा है। मैरिटल रेप जैसे संवेदनशील मुद्दे पर बनी यह सीरीज सीधे दिल पर वार करती है और कई ऐसे पहलू सामने लाती है, जिन पर आप सोचने को मजबूर हो जाते हैं। ‘चिरैया’ देखने के बाद इंटरनेट पर क्या रिएक्शन सामने आया है और यूजर्स क्या कुछ बोल रहे हैं, यहां बता रहे हैं:
सबसे पहले तो दिव्या दत्ता की सीरीज ‘चिरैया’ की कहानी की बात। यह एक ऐसी आदर्श बहू की कहानी है, जो अपने देवर के खिलाफ उसकी पत्नी द्वारा लगाए गए रेप के आरोप के बाद उसके खिलाफ खड़ी हो जाती है। इस मामले में वह अपने ससुर के खिलाफ भी चली जाती है, जो बेटे को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार होता है। एक पल तो ऐसा भी आता है, जब वह रेप का आरोप लगाने वाली छोटी बहू पर दबाव बनाने के लिए उसके पिता यानी अपने समधी को एक साथ कई नींद की गोलियां मिलाकर पिला देता है और वह अस्पताल पहुंच जाता है।
”चिरैया’ सिर्फ महिलाओं की कहानी नहीं’
एक यूजर ने लिखा, ‘यह सिर्फ महिलाओं की लड़ाई नहीं है। यह मानवीय गरिमा की लड़ाई है। अपना पक्ष लें और ‘चिरैया’ देखें। एक ऐसा किरदार जो खामोशी से विकसित होता है, फिर भी गहरा प्रभाव छोड़ जाता है। कमलेश के भावनात्मक पहलुओं को बहुत ही कमाल और ईमानदारी से दर्शाया गया है। दिव्या दत्ता ने चिरैया के किरदार को बखूबी निभाया है।
‘देखते हुए गुस्सा आया तो जरूरी था देखना’
एक का ट्वीट है, ‘अगर देखते वक्त गुस्सा आया, तो समझ लो जरूरी था देखना।’
‘दिव्या दत्ता की एक्टिंग ‘चिरैया’ की खासियत’
एक और ट्वीट है, ”चिरैया’ समाज की पितृसत्तात्मक मानसिकता पर सवाल उठाती है और इसे यह बहुत ही प्रभावी तरीके से करती है। हालांकि यह थोड़ी मेलोड्रामा में पहुंच जाती है, पर यह आधुनिक दुनिया में अभी भी मौजूद रूढ़िवादी सोच को उजागर करने में कामयाब रहती है। दिव्या दत्ता की शानदार एक्टिंग इस सीरीज की खासियत है।’
”चिरैया’ पुरुषों को ट्रिगर कर देगी’
एक यूजर ने X पर लिखा है, ”चिरैया’ देखकर पुरुषों को बहुत गुस्सा आएगा। यह उन्हें ट्रिगर कर देगी। यह एक अहम विषय है, जिस पर समाज में कोई बात नहीं होती और पुरुष महिलाओं को भोग की चीज समझते हैं। मैरिटल रेप भी रेप ही है। पुरुषों को सहमति की अहमियत समझनी चाहिए।’
”चिरैया’ एक रियलिटी चेक’
एक ने लिखा है, ”चिरैया’ सिर्फ एक सीरीज नहीं, बल्कि यह एक रियलिटी चेक है। यह शादी में सहमति पर सवाल उठाने का साहस करती है। यह हमें याद दिलाती है कि विषाक्त पुरुषवादी सोच रातोंरात पैदा नहीं होती, बल्कि अकसर घर से ही शुरू होती है।’
‘चिरैया’ सीरीज की कास्ट
‘चिरैया’ में 6 एपिसोड हैं और इस सीरीज को शशांत शाह ने डायरेक्ट किया है। इसमें संजय मिश्रा और दिव्या दत्ता के अलावा प्रसन्ना बिष्ट, सिद्धार्थ शॉ, फैजल राशिद, टीनू आनंद, सरिता जोशी और अंजुम सक्सेना भी हैं।
