उप्र के सीएम योगी आदित्यनाथ बोले-नाथ संप्रदाय सिद्धों और योगियों की परंपरा

इंदौर ।   उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ इंदौर पहुंचे। जहां उन्होंने देवी अहिल्या प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और लोकमाता को नमन किया। मुख्यमंत्री योगी ने नाथ मंदिर में माधवनाथ महाराज की समाधि के दर्शन किए। मुख्यमंत्री योगी ने ध्वज स्तंभ का अनावरण किया। इससे पूर्व योगी आदित्यनाथ उज्जैन गए थे। जहां उन्होंने बाबा महाकाल का अभिषेक कर पूजन किया था। साथ ही नंदी हाल में ध्यान लगाया। योगी आदित्‍यनाथ ने नाथ मंदिर में आयोजित अपने संबोधन में कहा कि इस कार्यक्रम में आकर वे गौरवांवित महसूस कर रहे हैं। उन्‍होंने मंदिर की प्राचीन परंपरा का जिक्र किया। उन्‍होंने कहा कि नाथ संप्रदाय मुख्‍य रूप से सिद्धों और योगियों की परंपरा है। उन्‍होंने कहा कि संत समाज के लिए जीते हैं। संत का मरण नया जन्‍म होता है। योगी आदित्‍यनाथ नाथ मंदिर स्थित योगी माधवराव महाराज की समाधि स्थल पहुंंचे। वे छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिमा स्थल का लोकार्पण करने पहुंचेंगे। इसके बाद वे अहिल्या उत्सव में शामिल होंगे।

नगर निगम ने किया है शिवाजी प्रतिमा स्थल का निर्माण

योगी इंदौर में छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिमा स्थल का लोकार्पण भी करेंगे। बीआरटीएस मार्ग पर वर्ष 1970 में निर्मित उद्यान (शिवाजी वाटिका) में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित की गई थी। नगर निगम ने महाराज की शौर्य गाथा के प्रतीक स्वरूप उनकी प्रतिमा को किले की प्रतिकृति के समान स्मारक में पुनर्स्थापित करते हुए यहां नवनिर्माण किया है।

स्मारक निर्माण के लिए रायगढ़ किला और महाराज द्वारा मराठा स्थापत्य शैली में निर्मित अन्य किलों की संरचना का सूक्ष्म अध्ययन किया गया है। दुर्ग और प्रतिमा की परिकल्पना इस प्रकार की गई है जैसे कि महाराज अश्वारूढ होकर युद्ध पर जाने के लिए किले के मुख्य प्रवेश द्वार से बाहर आ रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *