लखनऊ में वाइब्रेंट गुजरात रोड शो का होगा आयोजन

लखनऊ । वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट (वीजीजीएस) के 10वें संस्करण से पहले राज्य सरकार उद्योग जगत के अग्रणियों से बातचीत करने और उन्हें आगामी वीजीजीएस में आमंत्रित करने के लिए कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रोड शो का आयोजन कर रही है। नई दिल्ली में कर्टन रेज़र कार्यक्रम की सफलता और मुंबई, कोलकाता, चंडीगढ़, चेन्नई, जापान, यूरोप, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, वियतनाम और दक्षिण कोरिया में सफल रोड शो के बाद, गुजरात सरकार अब सोमवार छह नवंबर को लखनऊ में रोड शो का आयोजन करने जा रही है। गुजरात के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, उच्च और तकनीकी शिक्षा, कानून, न्याय, विधायी और संसदीय मामलों के मंत्री ऋषिकेश पटेल इस रोड शो का नेतृत्व करेंगे।
मंत्री ऋषिकेश पटेल, आरएसपीएल ग्रुप, वी गार्ड, सनसोर्स एनर्जी, और ल्यूमिनस पॉवर टेक्नोलॉजीस जैसे संगठनों के प्रमुखों के साथ कई व्यक्तिगत बैठकें करेंगे। एसोचेम गुजरात काउंसिल के अध्यक्ष चिंतन ठाकर स्वागत भाषण देंगे। उनके संबोधन के बाद वाइब्रेंट गुजरात 2024 को लेकर प्रमोशनल फिल्म की स्क्रीनिंग होगी और फिर गुजरात सरकार के ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल विभाग की प्रमुख सचिव आईएएस ममता वर्मा द्वारा गुजरात में मौजूद व्यावसायिक अवसरों पर एक प्रेंज़ेटेशन दी जाएगी। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *