देखभाल के बहाने शातिर बाप-बेटे निकाल रहे थे 70 वर्षीय वृद्वा के एकांउट से रकम

भोपाल। बागसेवनिया थाना पुलिस ने 70 साल की बुजुर्ग महिला के एकांउट से धोखाधड़ी कर रकम निकालने वाले बाप-बेटे के खिलाफ जालसाजी का मामला कायम किया है। आरोपी बीते कई सालो से यह चालबाजी कर रहे थे, जिसकी खबर वृद्वा को नहीं थी। थाना पुलिस के अनुसार नारायण नगर, बागसेवनिया में रहने वाली 70 वर्षीय श्यामाबाई ने लिखित शिकायत करते हुए बताया कि वह रेलवे से रिटायर्ड हैं। उनके पति भी रेलवे से सेवानिवृत्त हुए थे। श्यामा बाई को स्वयं की एवं पति की पेंशन भी मिलती है। उनकी कोई संतान नहीं हैं। पति बल्लभदास की मौत के बाद उनके घर दूर के रिश्तेदार रामदास नागले और उसके बेटे मनीष नागले का आना जाना अधिक हो गया था। रिश्तेदार होने के नाते वह उसकी देखरेख का दिखावा करते हुए घर के कामों में उसकी मदद करते थे। महिला के घर का सामान खरीदकर लाना और बैंक से पेंशन निकालकर लाने का काम भी कर देते थे। इसी दौरान आरोपियों की नियत बिगड़ गई और उन्होंने जालसाजीपूर्वक बैंक खाते में श्यामाबाई के नंबर की जगह खुद का नंबर लिखवा लिया। इसके बाद बैंक में होने वाले लेनदेन का मैसेज आरोपियों के मोबाइल नंबर पर आता था, जिससे महिला को इसकी कोई जानकारी नहीं रहती। शातिर आरोपियों ने यूपीआई आईडी बनाई और श्यामाबाई के एकांउट से रकम निकालने लगे। आरेपी साल 2017 से लगातार हेराफेरी कर रहे थे, कोरोना काल में भी आरोपियों ने महिला के एकांउट से रकम निकाली थी। बाद में इसकी जानकारी लगने पर श्यामाबाई ने बैंक जाकर संपर्क किया, जिसके बाद उन्हें सारी सच्चाई पता चल गई। और उन्होनें पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उनके एकांउट से सवा लाख का लेनदेन किया है। जांच के बाद पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *