रश्‍म‍िका मंदाना को मंगलसूत्र पहनाते वक्‍त कांप रहे थे विजय देवरकोंडा के हाथ, तब रक्ष‍ित थे ड्रीम बॉय

रश्‍म‍िका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने करीब 7 साल तक अपने रिश्ते को दुनिया से छ‍िप-छिपाकर रखने के बाद, गुरुवार, 26 फरवरी 2026 को उदयपुर में शादी कर ली। #Virosh के साथ सोशल मीडिया पर दोनों की शादी, हल्‍दी और संगीत सेरेमनी की तस्‍वीरें-वीडियोज वायरल हैं। फैंस इसे ‘परियों की कहानी’ जैसी शादी बता रहे हैं। रश्‍म‍िका और विजय ने सात फेरों के बाद जो पहली तस्‍वीरें शेयर की हैं, उनमें प्‍यार में डूबी दुल्‍हन की डबडबी आंखों को देख हर कोई इमोशनल है। लेकिन यह भी कम दिलचस्‍प नहीं है कि 7 साल पहले जब दोनों पहली बार मिले थे, तब असल जिंदगी से इतर ‘रील लाइफ’ में भी दोनों ने कुछ इसी अंदाज में सात फेरे लिए थे। बात साल 2018 में रिलीज रश्‍म‍िका-विजय की साथ में पहली फिल्‍म ‘गीता गोविंदम’ की है, जहां सेट पर शादी वाला सीन शूट हो रहा था, और तब रश्‍म‍िका मंदाना के गले में मंगलसूत्र डालते हुए विजय देवरकोंडा के हाथ कांपने लगे थे। वह डर रहे थे।

रश्‍म‍िका मंदाना और विजय देवरकोंडा की पहली मुलाकात ‘गीता गोविंदम’ के सेट पर ही हुई थी। यह वो दिन थे, जब रश्‍म‍िका पहले से कन्‍नड़ एक्‍टर रक्ष‍ित शेट्टी की मंगेतर थीं। दोनों की सगाई हो चुकी थी। लेकिन फिर अचानक यह रिश्‍ता टूट गया।

रक्ष‍ित शेट्टी से सगाई के ठीक 13 महीने बाद जब फैंस शादी की उम्‍मीद लगाए थे, रश्‍म‍िका ने सगाई तोड़ने का फैसला किया। यह खबर दिल तोड़ने वाली थी। करीब-करीब यही वह दिन थे, जब ‘पुष्‍पा’ की श्रीवल्‍ली की जिंदगी में विजय देवरकोंडा की एंट्री हुई।

रश्‍म‍िका मंदाना और रक्ष‍ित शेट्टी की लव स्‍टोरी, सगाई और ब्रेकअप

इससे पहले कि हम विजय देवरकोंडा और रश्‍म‍िका मंदाना की प्रेम कहानी और ‘गीता गोविंदम’ के सेट के किस्‍से की ओर बढ़ें, बता दें कि कर्नाटक में पैदा हुई एक्‍ट्रेस ने कन्‍नड़ फिल्म ‘किरिक पार्टी’ से एक्‍ट‍िंग डेब्‍यू किया था। इस फिल्‍म के डायरेक्‍टर ‘कांतारा’ फेम ऋषभ शेट्टी थे। जबकि फिल्‍म में उनके को-स्‍टार और लीड हीरो रक्ष‍ित शेट्टी थे। ‘किरिक पार्टी’ सुपरहिट रही और साथ ही रश्‍म‍िका-रक्षित की जोड़ी भी। फिल्‍म के निर्माण के दौरान ही दोनों में प्‍यार हो गया। दिसंबर 2016 में यह फिल्‍म रिलीज हुई और 3 जुलाई 2017 को रश्‍म‍िका ने अपने होमटाउन विराजपेट में रक्ष‍ित शेट्टी से सगाई कर ली। लेकिन फिर सितंबर 2018 में अचाकन सगाई तोड़ने का ऐलान कर दिया। रक्ष‍ित आज भी कुंवारे हैं। उन्‍होंने शादी नहीं की है।

‘गीता गोविंदम’ के सेट पर विजय से दोस्‍ती और फिर प्‍यार

इसी बीच ‘गीता गोविंदम’ की शूटिंग चल रही थी। रश्‍म‍िका के टूटे दिल को विजय देवरकोंडा में पनाह मिली। यह रोमांटिक ड्रामा फिल्‍म बॉक्स-ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। शूट के दौरान विजय और रश्‍म‍िका पहले दोस्‍त बने। फिर कथ‍ित तौर पर 2019-2020 के बीच दोनों ने डेटिंग शुरू की। यादों के झरोखे में ‘गीता गोविंदम’ की वो फिल्‍मी शादी का सीन भी है, जब सेट पर विजय के लिए रश्‍म‍िका मंदाना को मंगलसूत्र पहनाना बेहद मुश्‍क‍िल हो गया था।

विजय देवरकोंडा ने बताया था मंगलसूत्र सीन में लग रहा था डर

रश्‍म‍िका मंदाना आज 29 साल की हैं, जबकि उनके प्‍यारे पति विजय देवरकोंडा 36 साल के हैं। इंडस्‍ट्री और ‘गीता गोविंदम’ फिल्‍म से जुड़े लोग बताते हैं, ‘शूटिंग के हिस्से के तौर पर, शादी होनी थी। विजय देवरकोंडा को मंगलसूत्र की तीन गांठें बांधने की पारंपरिक रस्म निभानी थी। यह बिल्‍कुल एक असली तेलुगू शादी की तरह था।’ उसी दौरान NTV को दिए एक इंटरव्यू में विजय देवरकोंडा ने बताया था, ‘मैं एक पेली मंडपम (शादी की वेदी) में बैठा था और सब ठीक था, लेकिन एक शॉट में मैं तीन गांठें बांध रहा था। इससे मैं बहुत डर गया था।’

‘वह प्रॉपर शादी जैसा था, मंगलसूत्र के तीन गांठ बांधने थे’

विजय देवरकोंडा आगे बताते हैं, ‘हालांकि मुझे पता था कि यह सिर्फ एक शूट था, लड़की (रश्मिका) वहां पट्टू चीरा (सिल्क की साड़ी) में बैठी थी, और मैं वहां पट्टू पंचा (पारंपरिक धोती) में था। यह सब एक प्रॉपर शादी जैसा लग रहा था, जिसमें फूल और सब कुछ था। उन्होंने मुझे शॉट में तीनों गांठें बांधने के लिए कहा। मैं सोच रहा था, आखिर हो क्या रहा है? मैंने हीरोइन से कहा, यह सच में अजीब है। मेरे हाथ कांप रहे थे। तब रश्‍म‍िका ने मुझे समझाया। वह किसी फिल्‍म के लिए स्‍क्रीन पर इस तरह तीसरी बार शादी कर थीं, इसलिए वह परेशान नहीं थी।’

रश्‍म‍िका-विजय के फैंस खुश, पर कन्‍नड़ फैंस में नाराजगी

खैर, अब जब रश्‍म‍िका और विजय ने असल जिंदगी में शादी कर ली है, तो हर फैन खुश है। हालांकि, कन्‍नड़ सिनेमा और रक्ष‍ित शेट्टी के फैंस आज भी रश्‍म‍िका से नाराज हैं। वैसे तो विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना के डेटिंग की अफवाहें 2018 के बाद से ही अक्सर उड़ती रहीं, लेकिन बीते कुछ सालों में दोनों ने जिस तरह गुपचुप मिलना शुरू किया, साथ में छुट्ट‍ियां मनाने विदेश जाने लगे, इन सब ने इस रिश्‍ते को खूब हवा दी। हालांकि, दोनों ने शादी से दो दिन पहले तक इस रिश्‍ते और यहां तक कि विवाह पर भी चुप्‍पी ही साध रखी थी। लेकिन बात जगजाहिर थी।

विजय देवरकोंडा ने कैप्‍शन दिया- मैंने बेस्ट फ्रेंड… को पत्नी बना लिया

इंस्‍टाग्राम पर गुरुवार को शादी सेरेमनी के बाद, विजय और रश्‍म‍िका ने शादी की कई दिल को छू लेने वाली तस्वीरें शेयर कीं और इसके साथ इमोशनल कैप्‍शन लिखे। विजय ने पोस्ट पर कैप्शन लिखा, ‘एक दिन, मुझे उनकी बहुत याद आई। उन्हें इस तरह याद किया कि मुझे लगा कि अगर वह आस-पास होतीं तो मेरा दिन बेहतर होता। जैसे अगर वह मेरे सामने बैठी होतीं तो मेरा खाना ज्यादा हेल्दी लगता। जैसे अगर वह मेरे साथ वर्कआउट करतीं तो मेरे वर्कआउट ज्यादा मजेदार और कम सजा वाले होते। जैसे मुझे उनकी जरूरत थी — बस घर जैसा और शांति महसूस करने के लिए, चाहे मैं कहीं भी रहूं। इसलिए, मैंने अपनी बेस्ट फ्रेंड… को अपनी पत्नी बना लिया।’

रश्‍म‍िका ने प्‍यार भरे कैप्‍शन में लिखा- ‘मेरे पति’! मिस्टर विजय देवरकोंडा!

दूसरी ओर, रश्मिका मंदाना ने भी अपने ‘पति’ विजय देवरकोंडा के लिए एक दिल को छू लेने वाला नोट शेयर किया। एक्‍ट्रेस ने इंस्टाग्राम कैप्शन में लिखा, ‘अब आपको मिलवाते हैं ‘मेरे पति’! मिस्टर विजय देवरकोंडा! वो आदमी जिसने मुझे सिखाया कि सच्चा प्यार कैसा होता है, वो आदमी जिसने मुझे दिखाया कि शांति में रहना कैसा होता है! वो आदमी जिसने मुझे हर दिन कहा कि बड़े सपने देखना बिल्कुल ठीक है और मुझे लगातार याद दिलाया कि मैं जितना सोच सकती थी, उससे कहीं ज्यादा हासिल कर सकती हूं।’

तेलुगू हिंदू और कोडवा रीति-रिवाजों से शादी

विजय देवरकोड़ा एक तेलुगू परिवार से आते हैं। वह हैदराबाद में पैदा हुए हैं। जबकि रश्‍म‍िका मंदाना कन्‍नड़ मूल की हैं। गुरुवार, 26 फरवरी 2026 को, राजस्थान के उदयपुर में इस कपल ने पारंपरिक तेलुगू हिंदू और कोडवा रीति-रिवाजों से शादी की।

4 मार्च को हैदराबाद को ग्रैंड र‍िसेप्‍शन पार्टी की तैयारी

इस शादी को फैंस ‘विरोश की शादी’ #Virosh कह रहे हैं। अब दोनों हैदराबाद में 4 मार्च में इंडस्‍ट्री के दोस्‍तों और करीबियों के लिए ग्रैंड रिसेप्‍शन पार्टी देने वाले हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *