जंगल गए ग्रामीण पर तेंदुए का हमला, कई दिन बाद मिला कंकाल
कांकेर । जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के कोरर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुर्री गांव में तेंदुए के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। कुछ दिनों बाद जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में ग्रामीण का कंकाल और खोपड़ी मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पूरी तरह से औपचारिक पहचान अभी नहीं हो पाई है, हालांकि परिजनों ने घटनास्थल पर मिले कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि ग्रामीण बांस काटने के लिए पहाड़ी इलाके में गया था, जहां तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। कंकाल के पास बांस मिलने से इस आशंका को बल मिला है।
बताया जा रहा है कि मृतक रविवार 1 फरवरी की शाम अपनी बेटी के घर से भानुप्रतापपुर के पास कोर्राम पारा स्थित अपने घर जाने के लिए निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। अगले दिन सुबह परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। लगातार दो दिन तक खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो परिजनों की चिंता और बढ़ गई। मंगलवार शाम मृतक के दामाद को पहाड़ी क्षेत्र में कुछ कपड़े दिखाई दिए, जो मृतक के बताए जा रहे हैं। आशंका होने पर परिजनों ने आसपास के इलाके में खोजबीन की, जिसके बाद पहाड़ी पर मानव खोपड़ी बरामद हुई। सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोपड़ी को जब्त कर लिया है और उसे जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम घटनास्थल के आसपास मृतक के शरीर के अन्य अवशेषों की तलाश कर रही है। साथ ही तेंदुए की मौजूदगी के संकेत मिलने के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। इस घटना के बाद से कुर्री गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में तेंदुए की आवाजाही पहले भी देखी गई थी, लेकिन अब हमला होने के बाद लोग जंगल जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने या इलाके में पिंजरा लगाने की मांग की है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल न जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
