‘ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे’, ट्रंप का बड़ा बयान, बोले-‘वो बात करें या ना करें फर्क नहीं पड़ता’
वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा है कि ‘उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं है कि पाकिस्तान में शांति वार्ता नाकाम होने के बाद ईरान बातचीत की टेबल पर लौटता है या नहीं।’ फ्लोरिडा से लौटने के बाद मैरीलैंड के जॉइंट बेस एंड्रयूज में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा "मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे वापस आते हैं या नहीं। अगर वे वापस नहीं आते हैं तो भी मुझे कोई दिक्कत नहीं है।" हालांकि ट्रंप ने एक बार फिर से साफ शब्दों में कहा है कि ‘ईरान को न्यूक्लियर हथियार बनाने नहीं देंगे।’
डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान में हुई वार्ता पर कहा ‘ईरान ने संकेत दिया कि वह परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश कर रहा है।’ उन्होंने ज़ोर देकर कहा ‘वे अब भी इसे चाहते हैं और पिछली रात उन्होंने यह बात साफ कर दी थी। लेकिन ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होगा।’ इससे पहले भी जब इस्लामाबाद में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ईरान के साथ बात कर रहा था तब भी ट्रंप ने कहा था ‘तेहरान के साथ कोई समझौता हो या न हो इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ेगा।’
ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने देंगे- ट्रंप
शनिवार को वाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा ‘चाहे कुछ भी हो जीत हमारी ही होगी।’ उन्होंने आगे कहा ‘हो सकता है कि वे कोई समझौता कर लें या हो सकता है कि न करें, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। अमेरिका के नजरिए से देखें तो जीत हमारी ही होगी।’ वहीं ज्वाइंट बेस एंड्र्यू पर उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा ‘ईरान अब बहुत खराब हालत में है और वो काफी व्याकुल हैं। हमने उनके साथ 21 घंटे तक बात की है और हम उनकी स्थिति काफी अच्छे से जानते हैं।’
