हिजाब पहने घूमती है… कौन हैं इल्हान उमर? नेशनल गार्ड पर हमले के बाद ट्रंप ने खोला मोर्चा, अमेरिका आने पर उठाया सवाल

वॉशिंगटन: अमेरिका में वाइट हाउस के पास नेशनल गार्ड पर हमले के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने इमिग्रेशन पर सख्त रुख दिखाया है। डोनाल्ड ट्रंप ने खासतौर से डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर पर हमला बोला है। ट्रंप ने शुक्रवार को इल्हाम और मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज के बारे में पोस्ट किया है। ट्रंप ने टिम को बेवकूफ तो इल्हान को गैरकानूनी तरीके अमेरिका आकर हिजाब पहनकर घूमने वाली कहते हुए तंज करने की कोशिश की है। ट्रंप के सीधे हमले के बाद इल्हान की ओर लोगों का ध्यान गया है कि ये महिला आखिर कौन हैं।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर अपने पोस्ट में ट्रंप ने इल्हान उमर को अमेरिका से नफरत करने वाले एक बदहाल और क्राइम से भरे देश से आने वाली महिला बताया। साथ ही कुछ अमेरिकी दक्षिणपंथियों के इस दावे को भी दोहराया कि इल्हान ने यूएस की नागरिक बनने के लिए भाई से शादी की थी।हालांकि इस दावे को फैक्ट-चेकर्स झूठा बताते हैं।

इल्हान उमर कौन हैं?

उमर का जन्म साल 1982 में सोमालिया में हुआ था। सोमालिया के गृहयुद्ध के चलते आठ साल की उम्र में उनको देश छोड़ना पड़ा। 1995 में अमेरिका आने से पहले उन्होंने केन्या के एक रिफ्यूजी कैंप में चार साल बिताए। अमेरिका आने के पांच साल बाद 2000 में इल्हान को नागरिकता मिली थी।

इल्हान ने बहुत कम उम्र में राजनीति में एंट्री की और 2018 में पहली बार सांसद बनीं। इसके बाद तेजी से उनका नाम बढ़ा और वह लगातार जीती हैं। इल्हान फिलहाल चौथी बार सांसद और वॉशिंगटन की जानी-मानी प्रोग्रेसिव लॉमेकर्स में एक हैं। वह रिपब्लिकन नेताओं पर तीखे हमलों के लिए जानी जाती हैं।

एक बड़े वर्ग के निशाने पर

इल्हान बीते कई वर्षों से अमेरिका के दक्षिणपंथी कंजर्वेटिव एक्टिविस्ट के निशाने पर रही हैं। इल्हान के बारे में लगातार ये कहा गया है कि उमर ने इमिग्रेशन फ्रॉड करने के लिए अपने बायोलॉजिकल भाई से शादी की। किसी जांच इसका सबूत नहीं मिला है। इसके बावजूद ट्रंप भी उनकी अमेरिका में एंट्री पर सवाल उठाते रहे हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने कई दफा अपने भाषणों में इल्हान को सोमालिया वापस जाने के लिए कहा है। ट्रंप ने सितंबर में इल्हान को वापस भेजने पर मजाक करते हुए सोमालिया के प्रेसिडेंट के साथ अपनी बातचीत का जिक्र किया था। उन्होंने तंज करते हुए कहा था कि सोमालिया के लीडर भी उन्हें वापस नहीं चाहते हैं।

इल्हान ने धमकियों को किया खारिज

दूसरी ओर उमर ने अपनी नागरिकता के बारे में ट्रंप की धमकियों को खारिज कर दिया है। एक हालिया इंटरव्यू में इल्हान उमर ने कहा, ‘वे मेरी नागरिकता कैसे छीन लेंगे और मुझे देश से निकाल देंगे। मैं अब युद्ध से भागी 8 साल की बच्ची नहीं हूं। अब तो मेरे बच्चे बड़े हो गए हैं। मैं जहां चाहूंगी, वहां रहूंगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *