Weather : जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 21 जनवरी तक शीतलहर जारी..

जम्मू | जम्मू-कश्मीर में शीतलहर जारी है। लद्दाख के अधिकांश इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछी है। लगातार दो दिन से धूप खिलने के बावजूद जम्मू में तीसरे दिन भी सबसे ठंडी रात गुजरी है। यहां रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री गिरकर 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले दो साल में जनवरी में रात के न्यूनतम तापमान से कम है।रविवार की रात यह पारा 4.1 डिग्री सेल्सियस था। कश्मीर में भी रात को कड़ाके की ठंड के बीच अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री नीचे चल रहा है।

इस बीच पहलगाम में बीती रात माइनस 11.8 डिग्री तापमान के साथ सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात बीती।लेह और कारगिल में शरीर जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 19 से 21 जनवरी को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। खराब मौसम की सूरत में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है।

जम्मू कश्मीर के अधिकांश जिलों में दिन में धूप खिल रही है। जम्मू में दिनभर मौसम खुला रहा। मौसम साफ होने से बाजारों में खरीदारों की रौनक बढ़ी है। यहां दिन का तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कटड़ा में बीती रात का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 10 डिग्री से नीचे चल रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *