बुधवार की रात रही इस सदी की तीसरी सबसे गर्म रात

लखनऊ | यूपी में मौसम पूरी तरह से बदल गया है। दो-चार रोज पहले बारिश से नए-नए रिकॉर्ड बनाने वाले यूपी में गर्मी और उमस से डेरा डाल रखा है। दिन के तापमान के साथ रात के तापमान में भी रिकॉर्ड बढ़त दर्ज की गई है। कभी बादल तो कभी तेज और कड़क धूप के बीच उमस ने राजधानी और आसपास के लोगों को बेहाल कर रखा है। गर्मी का आलम ये है कि बीते बुधवार की रात इस सदी की अब तक की तीसरी सबसे गर्म रात रही। न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में बुधवार को सर्वाधिक रहा।

आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक अब तक के न्यूनतम तापमान के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो बीते बुधवार को न्यूनतम तापमान इस सदी में तीसरी बार 30 के करीब पहुंचा। इससे पहले एक जुलाई 2021 को 30.3 डिग्री सेल्सियस और 8 जुलाई 2018 को 30 डिग्री दर्ज हुआ था न्यूनतम तापमान।बृहस्पतिवार को दिनभर बादलों की आवाजाही तो रही, लेकिन कड़क धूप में खड़े होना मुहाल रहा। दिन का पारा 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जुलाई में अब तक की बात करें अधिकतम तापमान 35 .4 डिग्री तक तो पहुंचा था, बृहस्पतिवार को इसमें 1.7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

लखनऊ विश्वविद्यालय में भू-विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. ध्रुवसेन सिंह कहते हैं कि कई वजहें हैं इस वक्त मानसून के ब्रेक होने की। एक तो एलनीनो सक्रिय है, जिससे मानसून कमजोर पड़ गया। बादल छाए रहने के कारण पृथ्वी से विकिरण अंतरिक्ष तक नहीं जा पा रहा है। इस कारण धरती गरम बनी हुई है। इस वक्त मानसून ट्रफ के गंगा के मैदान में होना चाहिए था, लेकिन वह यहां से बाहर है। इसी तरह पश्चिमी विक्षोभ यहां तक नहीं आ पा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *