ये कैसी जिद! परिजनों ने बाइक नहीं दिलाई तो युवक ने खुद को लगा ली आग, गंभीर रूप से झुलसा

शिवपुरी ।   शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र में एक युवक ने खुद को आग लगाकर जान देने की कोशिश की है। वह परिवार के लोगों से बाइक मांग रहा था। परिजनों पैसों के अभाव में बाइक नहीं दिला पाए तो युवक ने खुद को आग लगा ली। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिवारजनों ने बताया है कि युवक सौरभ जाटव घर में अपने माता-पिता से लगातार बाइक दिलाने की मांग कर रहा था। जब यह मांग पूरी नहीं की गई तो नाराज युवक ने एक कमरे में जाकर स्वयं को आग लगा ली। कमरे में भड़की आग से युवक झुलस गया। इसके बाद इस युवक को घायल अवस्था में बैराड़ के स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। यहां पर उसके हालात में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। अभी युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

मां बोली- बाइक की मांग कर रहा था

अस्पताल में भर्ती सौरभ जाटव निवासी गाजीगढ़ हाल निवासी कालामढ़ की मां सुनीता जाटव ने बताया कि उसका बेटा बीते कई दिनों से बाइक की मांग कर रहा था। वह लगातार 50 हजार रुपये देकर बाइक फायनेंस कराने की मांग कर रहा था। परंतु उसकी मां ने उससे कहा कि उसके पास अभी इतना पैसा नहीं है। साथ ही वह इतना पैसा कहां से लाए। इसके बाद से युवक अपने परिवारजनों से नाराज हो गया।

शराब पीकर आया, फिर किया हंगामा

परिजनों ने बताया कि सौरभ की मांग पूरी न होने पर वह रोज शराब पीकर घर आता और हंगामा करता। इसके बाद युवक ने शराब के नशे में धुत्त होकर घर आकर पहले हंगामा किया। इसके बाद मां से दोबारा से पैसों की मांग की। परंतु जब मां ने पैसा नहीं होने की बात कही तो सौरभ नाराज हो गया और कमरे में जाकर घर में रखे सामान में पहले आग लगाई इसके बाद खुद भी इसकी चपेट में आ गया। परिजन उसे लेकर तत्काल बैराड स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। जहां युवक की गंभीर हालात को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *