बांग्लादेश में तारिक रहमान की शपथ से पहले क्यों विदेश भागने लगे मोहम्मद यूनुस के करीबी, कार्रवाई का डर?
ढाका: बांग्लादेश में 18 महीने के बाद सत्ता परिवर्तन हो रहा है। अगस्त, 2024 से मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में चल रहे अंतरिम शासन की जगह बीएनपी की पूर्ण सरकार ले रही है। 12 फरवरी को हुए आम चुनाव में बीएनपी की जीत के बाद 17 फरवरी को तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। बांग्लादेश में सियासी हलचल और बदलाव से मोहम्मद यूनुस के कुछ करीबी सहयोगी असहज दिख रहे हैं। चुनाव नतीजों के तुरंत बाद यूनुस के करीबी के बांग्लादेश छोड़ने ने ध्यान खींचा है।
ढाका के अखबार द डेली स्टार के मुताबिक, इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल (ICT) और टेलीकम्युनिकेशन में मोहम्मद यूनुस के स्पेशल असिस्टेंट फैज अहमद तैयब ने चुनाव नतीजों के अगले दिन देश छोड़ दिया। वह बांग्लादेश से फ्लाइट लेकर जर्मनी चले गए हैं। डेली स्टार ने तैयब के बांग्लादेश से जाने को सरप्राइज डिपार्चर करार दिया है। इससे ये सवाल उठा है कि क्या यूनुस के करीबियों को नई सरकार को लेकर कोई डर सता रहा है।
यूनुस के करीबियों की देश छोड़ने की तैयारी!
इंडिया टुडे की रिपोर्ट कहती है कि एक्सपर्ट के लिए तैयब का ढाका से जाना कोई सरप्राइज नहीं है। चुनावों के ऐलान के बाद से ही ये बात ढाका में कही जा रही है कि यूनुस के अधिकारी बांग्लादेश से ‘सुरक्षित निकलने’ की कोशिश में हैं। यूनुस के कुछ और सहयोगियों के भी जल्दी ही बांग्लादेश से जाने का दावा किया गया था।
देश छोड़ने से पहले हिसाब-किताब दें अधिकारी
पटवारी ने अपने बयान में कहा, ‘हम सुन रहे हैं कि कई सलाहकार सुरक्षित निकलने के बारे में सोच रहे हैं। हम देश के लोगों और ऐसे सलाहकारों से अपील करते हैं कि ऐसी किसी कोशिश करने से पहले अपनी संपत्ति का पूरा हिसाब-किताब पेश करें कि आपने क्या-क्या किया है। जनता के सामने अपनी परफॉर्मेंस को रखें।’
बांग्लादेश में तारिक रहमान की सरकार
बांग्लादेश के अंतरिम शासन के चीफ एडवाइजर के तौर पर मोहम्मद यूनुस ने अगस्त, 2024 में पद संभाला था। विरोध प्रदर्शनों के चलते शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद उनको इसके लए चुना गया था। यूनुस का कार्यकाल मंगलवार, 17 फरवरी को खत्म हो रहा है। मंगलवार को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के चीफ तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।
