पत्नी रितिका ने अनुराग डोभाल पर साधा निशाना और ससुरालवालों का लिया पक्ष, कहा- मुझे सिर्फ नेगेटिव PR मिला
यूट्यूबर अनुराग डोभाल बीते कुछ दिनों से अपनी पर्सनल लाइफ के कारण सुर्खियों में छाए हुए हैं। उन्होंने पहले अपने माता-पिता और भाई पर संगीन आरोप लगाए थे। कहा था कि उन्हें सभी ने टॉर्चर किया है। साथ ही पत्नी रितिका के पक्ष में भी कहा था कि परिवार ने उन्हें अपनाया नहीं क्योंकि वह इंटरकास्ट मैरिज के खिलाफ थे। उन्होंने दावा किया था कि उनके मम्मी-पापा ने बीवी को घर में नहीं रहने दिया। जिसके बाद वह मायके रहने लगी थीं। हालांक अब रितिका ने पति के सभी दावों पर रिएक्ट किया है और ससुरालवालों का पक्ष लेते हुए उन्हें ही दोषी ठहरा दिया है।
अनुराग डोभाल इस वक्त दोस्त के फार्महाउस पर हैं। वहीं वह आराम कर रहे हैं। उनके मैनेजर ने ‘स्क्रीन’ से बातचीत में बताया था कि जबसे यूट्यूबर यहां आए हैं, तब से पत्नी उनके साथ नहीं है। उनकी जल्द ही डिलीवरी होने वाली है, इसलिए वह अपने घर पर हैं। इन सबके बीच रितिका ने इंस्टाग्राम स्टोरीज में कई पोस्ट शेयर किए हैं। जहां उन्होंने अपने ससुरालवालों की तरफ से काफी कुछ कहा है।
अनुराग की पत्नी रितिका ने तोड़ी चुप्पी
UK07 राइडर की बीवी ने लिखा, ‘सबसे ज्यादा बुरा इस बात का लगता कि जो कुछ भी दिखाया और बताया गया, उससे सच्चाई बिलकुल अलग है। सिर्फ इसलिए कि मैं इन्फ्लुएंसर नहीं हूं या ऑनलाइन अपनी बात नहीं रखना चाहती, इसका मतलब ये नहीं कि मेरा कोई पक्ष नहीं है। दरअसल, मैं कुछ भी सामाजिक नजरिए से नहीं करती। यही बात मेरी मां, मेरे भाई और मेरी फैमिली और मेरे ससुरालवालों पर भी लागू होती है। हमारे बारे में कोई ऐसी गलतफहमी फैलाई-बताई जाए, ये हम डिजर्व नहीं करते।’
अनुराग पर पत्नी रितिका ने साधा निशाना
अनुराग की पत्नी ने आगे लिखा, ‘एक महिला के नाते, मैं हमेशा यही चाहती थी कि मेरा परिवार एक साथ रहे। कोई भी लड़की नहीं चाहेगी कि उसका परिवार इस तरह की चीजों से गुजरे। मैंने एक पत्नी के नाते अपनी सारी जिम्मेदारी ईमानदारी और सम्मान के साथ निभाने की कोशिश की है। अब मेरे पास अपने बच्चे की भी एक बड़ी जिम्मेदारी है, जो अभी इस दुनिया में आया भी नहीं है। वह इस तरह के तनाव और दर्द से घिरा रहना डिजर्व नहीं करता। फिर भी ये हमें बहुत अफेक्ट कर रह है। मैं तो बस चाहती हूं कि सब समझदारी दिखाएं लेकिन मन में अभी भी एक सवाल है। जब आप सबको मेरी जरूरत थी, तो मैं सबके साथ खड़ी रही। लेकिन जब मुझे जरूरत थी, तब आप कहां थ? और क्या आप अभी हैं?’
रितिका ने अपने बच्चे के बारे में कहा
उन्होंने आगे लिखा, ‘मुझे सिर्फ नेगेटिव पीआर मिला। लेकिन इससे सच्चाई नहीं बदल जाती। मैं जल्द ही अपनी बात रखूंगी। मैं कभी ये पोस्ट करना नहीं चाहती थी लेकिन मुझे लगा कि चीजों को साफ करने की जरूरत है। मैं ऑनलाइन जो चीजें चल रही हैं, उनको हवा देकर अटकलों और निगेटिविटी को बढ़ावा नहीं देना चाहती। क्योंकि इसका असर मुझ पर ही हो रहा है। इसका असर मेरे परिवार पर भी हो रहा है। मेरी इसके अलावा भी लाइफ है, जो बहुत खूबसूरत है। जिसमें मैंने अपने बच्चे के लिए अच्छे पलों को संजोया हुआ है। और मैं इतनी पवित्र चीज के आसपाल नकारात्मकता को फटकने तक नहीं दूंगी। मैं अरने और परिवार के लिए शांति चाहती हूं।’
