क्या राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेंगे हार्दिक पंड्या? कप्तान की इंजरी पर MI के कोच का बड़ा अपडेट

नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस के स्टार ऑलराउंडर और कप्तान हार्दिक पंड्या दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बीमार होने की वजह से पिछला मैच नहीं खेले थे। मुंबई को मैच में उनकी कमी काफी खली थी। एमआई का टीम बैलेंस बिगड़ गया था और उनको 3 चेंज करने पड़े थे। यहां तक कि उन्हें स्टार तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को भी बाहर बिठाना पड़ा था। मुंबई दिल्ली के खिलाफ वो मैच भी हार गई थी।

वहीं अब मुंबई इंडियंस आज यानी 7 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपना तीसरा मुकाबला खेलने वाली है। इस मैच में हार्दिक खेलेंगे या नहीं इसको लेकर मुंबई इंडियंस के बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे ने बड़ा अपडेट दिया है।

हार्दिक पंड्या की इंजरी पर बड़ा अपडेट

स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या फिट हो गए हैं और वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेलेंगे। इस बात की पुष्टि खुद एमआई के बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे ने की है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया है कि हार्दिक चोटिल नहीं थे बल्कि बीमार थे।

पारस म्हाम्ब्रे ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हार्दिक पंड्या एवेलेबल हैं। उन्होंने कुछ नेट सेशन भी किए हैं। वो ठीक हैं। हार्दिक चोटिल नहीं थे, बीमार थे। यही वजह है कि वह पिछले गेम में एवेलेबल नहीं थे।’ हार्दिक पंड्या ने केकेआर के खिलाफ पहले मैच में गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 39 रन देकर 1 विकेट लिया था जबकि बल्लेबाजी में 11 गेंद में 18 रन बनाकर नाबाद रहे थे।

मुंबई इंडियंस की मिली जुली शुरुआत

पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस की शुरुआत आईपीएल 2026 में मिली जुली रही है। सीजन के पहले मैच में एमआई ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 6 विकेट से हराया था। हालांकि, इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उनको 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम वापस पटरी पर लौटना चाहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *