योगी सरकार ने रामनवमी पर अखंड रामायण कराने के दिए निर्देश

लखनऊ । उप्र की योगी आदित्यनाथ सरकार ने चैत्र नवरात्रि पर दुर्गा शप्तसती का पाठ कराने तथा रामनवमी पर अखंड रामायण पाठ कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं सरकार के इस निर्णय पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा तंज कसा है। अखिलेश ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर योगी सरकार के इस फैसले का स्वागत किया लेकिन ज़िलाधिकारियों को दी जाने वाली रकम को नाकाफी बताया है।
उल्लेखनीय है कि 22 मार्च से चैत्र नवरात्रि की शुरूआत हो रही है। इस बीच योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली यूपी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए 29 मार्च को रामनवमी के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में अखंड रामायण पाठ के आयोजन का निर्देश दिया है। इसके लिए सभी मंडलायुक्तों और डीएम को निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए सरकार हर एक जिले को एक लाख रुपये देगी। इसके साथ ही यूपी सरकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन कराएगी। महिलाओं और बालिकाओं की इन कार्यक्रमों में विशेष रूप से भागीदारी होगी। प्रमुख सचिव संस्कृति मुकेश मेश्राम की ओर से सभी मंडलायुक्तों और डीएम को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
वहीं प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा-“रामनवमी मनाने के लिए उप्र के ज़िलाधिकारियों को एक लाख रुपये दिये जाने के प्रस्ताव का स्वागत है पर इतनी कम रक़म से होगा क्या, कम से कम 10 करोड़ देने चाहिए जिससे सभी धर्मों के त्योहारों को मनाया जा सके। भाजपा सरकार त्योहारों पर फ्री सिलेंडर दे और इसकी शुरुआत इसी रामनवमी से हो।“ 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *