दो घंटे में 14.43% मतदान, भिंड में वोटर को गोली मारी, अफसर की तबीयत बिगड़ी

भोपाल ।    मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। प्रदेश चरण में आज नौ सीटों पर मतदान है। इन सीटों पर 127 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला एक करोड़ 77 लाख 52 हजार से अधिक मतदाता करेंगे। 

बुजुर्ग को पोलिंग बूथ लेकर पहुंचे विधायक शर्मा  

भोपाल मेंबुजुर्ग मतदाता को व्हील चेयर पर मतदान केंद्र ले जाते दिखे विधायक रामेश्वर शर्मा। 80 वर्षीय सुरेश सक्सेना ने बूथ नंबर 246 पर अपना मतदान किया। वहीं, महापौर मालती राय ने वार्ड 36 बूथ क्रमांक 185  पुष्पा नागर में मतदान किया। 

विधायक भूपेन्द्र सिंह ने किया मतदान 

सागर लोकसभा क्षेत्र में पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने चंद्रशेखर वार्ड खुरई के मतदान केंद्र क्रमांक 34 में मतदान किया।

मंत्री शाह ने परिवार संग डाला वोट

बैतूल लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली खंडवा जिले की हरसूद विधानसभा क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री विजय शाह ने परिवार समेत मतदान किया। मंत्री शाह ने आशापुर ब्लॉक के जोगीबेडा मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला।

कलेक्टर ने मतदान केंद्र का किया निरीक्षण 

सागर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक आर्य और पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने मतदान केंद्र क्रमांक 48, 49 और 50 का निरीक्षण किया।  

पुलिस कमिश्नर ने परिवार संग किया मतदान 

भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा ने परिवार के साथ मतदान किया। इस दौरान कमिश्नर के साथ उनकी पत्नी और बेटे ने मतदान किया। 

युवक को गोली मारी, ग्वालियर रेफर 

भिंड के शिवपुरी का पुरा में मतदान करने जा रहे एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से राघवेंद्र पुत्र महेंद्र खटीक (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिकी इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। हालांकि, भिंड कलेक्टर ने इस खबर को अफवाह बताया है। भिंड कलेक्टर के अकाउंट से एक्स कर बताया गया कि पुरानी रंजिश में विद्यावती कॉलेज के ठीक सामने राघवेंद्र खटीक घर पर ही बैठा था, इस दौरान दो लोगों ने फायरिंग कर दी, जिसमें फरियादी के पेट में गोली लगने से वह घायल हो गया। तत्काल उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है

भाजपा प्रत्याशी शर्मा की फोटो लगी पर्ची बांटी 

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भोपाल में भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा की फोटो लगी पर्ची बूथों पर बांटी जा रही है। कांग्रेस ने इसे लेकर शिकायत करने की बात भी कही है। 
 

नगर निगम अध्यक्ष ने किया मतदान

भोपाल से नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में किया मतदान। इस दौरान उनकी पत्नी ने भी वोट डाला। 

विधायक रामेश्वर शर्मा ने पत्नी के साथ किया मतदान 

विधायक रामेश्वर शर्मा ने दक्षिण पश्चिम विधानसभा के विश्वेश्वरैया भवन के बूथ 221 पर मतदान किया। उनके साथ उनकी पत्नी ने भी वोट डाला। विधायक शर्मा ने कहा कि  हर बूथ पर जय श्रीराम और मोदी मैजिक चल रहा है। सुबह 6 बजे से ही सभी मतदान केंद्रों पर भीड़ है, नागरिक उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहें हैं जिसके लिए मैं जनता को साधुवाद देता हूं। भाजपा के देव तुल्य कार्यकर्ता हर बूथ पर मुस्तैदी के साथ डटें हुए हैं उनको भी बधाई और शुभकामनाएं। देश में फिर विकास और सनातन को समर्पित मोदी सरकार बनेगी।

राष्ट्रहित में करें मतदान  

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भोपाल में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के मतदान केंद्र क्रमांक 184 सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में मतदान किया। हितानंद ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व पर मैंने अपना फर्ज निभाया, आप भी अपने घरों से निकलें और राष्ट्रहित में मतदान अवश्य करें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *