भाजपा एक माह में हर व्यक्ति तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाएगी

लखनऊ | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता हर व्यक्ति तक उनकी उपलब्धियों को पहुंचाएंगे। इसके लिए महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 30 मई से 30 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए प्रत्येक नागरिक से संपर्क व संवाद किया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अवध क्षेत्र की बैठक में महासंपर्क अभियान की रूपरेखा तय की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के गरीब कल्याण को समर्पित नौ वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इस अवधि में गरीब के लिए पक्का घर, शुद्ध पेयजल और राशन की उपलब्धता सुनिश्चित हुई। किसान सम्मान निधि शुरू की गई। देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई। अब महासंपर्क अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जुटना है।

जनसंपर्क की योजना और क्रियान्वयन का ब्ल्यू प्रिंट तैयार करने के लिए हर जिले में 20 व 21 मई को जिला कार्यसमिति और 22, 23 व 24 मई को मंडलीय कार्यसमिति की बैठक होगी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक व सामरिक रूप से मजबूत हुआ है। बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री अमर पाल मौर्य, अनूप गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा सहित अवध क्षेत्र के सांसद, विधायक, मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी सम्मिलित हुए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *