कवच सुरक्षा प्रणाली को लेकर चर्चा जोरों पर, रेल मंत्री से इस्तीफा मांग रहा ‎विपक्ष

नई दिल्ली। ओडिशा में हुए भयानक ट्रेन हादसे के बाद अब राजनीति भी तेज होती दिखाई दे रही है। रेल दुर्घटना को लेकर विपक्षी दल मोदी सरकार पर जबरदस्त तरीके से हमलावर हैं और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का इस्तीफा मांग रहे हैं। इस दौरान कवच सुरक्षा वाले दावे पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। गौरतलब है ‎कि कुछ दिनों पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कवच सुरक्षा का मुआयना किया था। कवच सुरक्षा प्रणाली को लेकर यह दावा किया गया था कि लाल सिग्नल पार करने और टक्कर को रोकने के लिए इसको विकसित किया गया है। अगर किसी कारण लोको पायलट ट्रेन को कंट्रोल करने में विफल रहता है तो यह ब्रेकिंग सिस्टम को ऑटोमेटिक रूप से एक्टिव कर देता है। इसको लेकर एक उदाहरण भी दिखाया गया था जिसमें खुद ट्रायल करते रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहे। दावा किया गया था कि कवच दो इंजनों के बीच टक्कर को रोकने में सक्षम है। इसका मतलब साफ है कि अगर दो ट्रेनें आमने सामने आ जाएंगे तो भी एक्सीडेंट नहीं होगा। लेकिन ऐसा लगता है कि बालासोर में इस सुरक्षा प्रणाली का प्रयोग नहीं हुआ था। तभी यह एक्सीडेंट हुआ है।
इधर एक ओर जहां इस ट्रेन हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है तो वहीं इस को लेकर राजनीति भी तेज है। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी श्रीनिवास ने हादसे को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला और अश्विनी वैष्णव के एक पुराने वीडियो को साझा किया। बी श्रीनिवास ने लिखा के जब एक ट्रेल डीरेल होकर दूसरे रेलवे ट्रेक पर आ गयी थी, तब कवच कहाँ था? 300 के आसपास मौतें, करीब 1000 लोग घायल। इन दर्दनाक मौतों के लिए कोई तो जिम्मेदार होगा? वहीं एनसीपी नेता अजीत पवार ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, रेल विभाग को इसकी जांच कर जो दोषी हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। इधर राजद ने ट्वीट कर कहा कि कवच में भी कांड हो गया? मोदी सरकार के लिए बस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में ही इंसान चलते हैं! अगर रेल मंत्री में कुछ नैतिकता है तो तुरंत इस्तीफा दें!

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *