अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, ओवरटेक करने के चक्कर में चली गई दो की जान

संतकबीर नगर जिले के दुधारा थाना के कविता गांव के पास मंगलवार की रात करीब 10 बजे चार पहिया अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करके आगे निकलने की कोशिश में पीछे से बाइक में ठोकर मार दी। इस घटना में बाइक पर सवार तीन किशोरों में से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर में तीसरे घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कोतवाली खलीलाबाद थाना के लेडुआ गांव निवासी 15 वर्षीय विजय निषाद पुत्र चंद्रशेखर के बहन की 11 जून को शादी होनी है। वह इसकी तैयारी में जुटा था। वह मंगलवार को अपने गांव के मित्र 17 वर्षीय विक्रम निषाद पुत्र रामरूप व 16 वर्षीय अर्जुन पुत्र विनोद के साथ एक बाइक पर बैठकर घर से निकले थे। उन्हें पचपोखरी बाजार में सामान खरीदना था। घर लौटते समय कविता गांव के पास रात के करीब 10 बजे अज्ञात चार पहिया वाहन ने ओवरटेक करके आगे निकलने की कोशिश में पीछे से बाइक में ठोकर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद अज्ञात चार पहिया वाहन चालक फरार हो गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने इन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल में दाखिल कराया। डाक्टर ने विजय व विक्रम को मृत घोषित कर दिया। जबकि अर्जुन की हालत गंभीर देखकर उन्हें बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। यहां पर इनका उपचार चल रहा है।

जानकारी मिलने पर मृतकों के घर में कोहराम मच गया। जिला अस्पताल में पहुंची मृतक विजय की मां व अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थानाध्यक्ष दुधारा राकेश मिश्र ने कहा कि दोनों मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *