कांग्रेस ने बदले तीन प्रदेश अध्यक्ष

नई दिल्ली । कांग्रेस ने शुक्रवार को तीन राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। शक्ति सिंह गोहिल को कांग्रेस की गुजरात इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कांग्रेस नेता दीपक बावरिया को दिल्ली कांग्रेस और हरियाणा कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है। वहीं कांग्रेस ने वी वैथिलिंगम को पुडुचेरी इकाई और वर्षा गायकवाड को मुंबई इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने गुजरात के अहम शीर्ष पदों पर विचार-विमर्श के लिए राज्य के नेताओं को बुलाया था।  इसके बाद शुक्रवार  को तीन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और दो राज्यों के लिए प्रभारी नियुक्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। गुजरात कांग्रेस का अध्यक्ष पद संभालकर शक्ति सिंह गोहिल जगदीश ठाकोर की जगह लेंगे। गौरतलब है कि 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली बुरी हार के बाद जगदीश ठाकोर ने अध्यक्ष पद को छोड़ने की पेशकश की थी। चुनाव में कांग्रेस ने 182 सीटों में से सिर्फ 17 पर जीत हासिल की थी। वहीं, कांग्रेस के गुजरात प्रभारी रघु शर्मा ने भी हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, प्रभारी का दायित्व वहीं संभाल रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *